जल्द ही प्यार और उत्सव के रंग बिखेरता होली का त्योहार दस्तक देने वाला है. बता दें, इस साल होली 20-21 मार्च को मनाई जा रही है. आपसी कलह और द्वेष को भूलाकर एक दूसरे को गले लगाने वाले इस त्योहार को सभी भारतीय बड़े चाव से मनाते हैं. लेकिन अगर आप यह सोचते हैं कि रंगों से भरा त्योहार सिर्फ भारत में ही मनाया जाता है तो आप बिल्कुल गलत हैं. जी हां दुनिया में कई ऐसे त्योहार हैं जो होली की ही तरह मनाए जाते हैं. रंगों के त्योहार सात समुंदर पार भी मनाए जाते हैं. आइए जानते हैं आखिर कौन से हैं ये त्योहार.
अफ्रीका का 'ओमेना बोंगा' त्योहार
अफ्रीका के कुछ देशों में 'ओमेना बोंगा' नाम का त्योहार मनाया जाता है. यह त्योहार बिल्कुल होलिका दहन की तरह मनाया जाता है.इस दिन एक जंगली देवता को जलाया जाता है। इस देवता को ‘प्रिन बोंगा’कहते हैं। इसे जलाकर लोग नाचते गाते हैं और नई फसल के स्वागत खुशियां मनाते हैं।
श्रीलंका की होली
श्रीलंका में होली का त्योहार भारत की ही तरह मनाया जाता है. यहां के लोग कई तरह के रंग-गुलाल एक दूसरे को लगाकर इस त्योहार को मनाते हैं.
चेकोस्लोवाकिया में ‘बलिया कनौसे’ त्योहार
चेकोस्लोवाकिया में ‘बलिया कनौसे’ नाम से एक त्योहार बिल्कुल होली के ढंग से ही मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग आपस में एक-दूसरे पर रंग डालते हैं और नाचते-गाते हैं।
होली वन-
केपटाउन में होली से प्रेरित होकर एक पर्व 'होली वन' नाम से मनाया जाता है.
पोलैण्ड का 'अर्सीना' त्योहार
पोलैण्ड में होली की ही तरह 'अर्सीना' नाम का त्योहार मनाया जाता है। इस मौके पर लोग एक दूसरे पर रंग डालते हैं। पुरानी दुश्मनी भूलकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं.