बैंगन को लेकर अक्सर लोगों की पसंद दो हिस्सों में बंटी होती है या तो वो इसे पसंद नहीं करते या फिर बैंगन के नाम पर बैंगन के भरते से आगे कुछ सोच नहीं पाते. लेकिन अगर आप कुछ अलग खाने के शौकीन हैं तो आपको बघारे बैंगन जरूर पसंद आएगा. यह डिश बैंगन को एक बिल्कुल नए और शाही अंदाज में पेश करती है.
बघारे बैंगन की खासियत इसका बघार (तड़का) और इसकी ग्रेवी है. इसमें मूंगफली, तिल, नारियल और खसखस का एक गाढ़ा पेस्ट इस्तेमाल किया जाता है जो इसे बेहद मलाईदार और नटी फ्लेवर देता है. इमली का खट्टापन और मसालों का तीखापन मिलकर इसे एक संतुलित और लाजवाब स्वाद प्रदान करते हैं.
इतिहास और शुरुआत
इसकी शुरुआत हैदराबाद के निजामों के शाही रसोईघर से हुई थी. मुगलई और दक्षिण भारतीय स्वादों को मिलाकर बनाई गई यह डिश आपको मुगल काल की याद दिला देगी. आज यह हैदराबादी बिरयानी के साथ परोसे जाने वाले सबसे मुख्य साइड डिश में से एक है.
बघारे बैंगन की रेसिपी बनाने के लिए चाहिए होंगी ये चीजें
बैंगन: 250-300 ग्राम
पेस्ट के लिए: 3 बड़े चम्मच मूंगफली, 2 चम्मच तिल, 2 चम्मच सूखा नारियल (कद्दूकस किया हुआ), 1 चम्मच खसखस.
ग्रेवी के लिए: 2 प्याज (बारीक कटे हुए), 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, इमली का पल्प (2 चम्मच), करी पत्ता, राई, कलौंजी, मेथी दाना.
मसाले: हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक स्वादानुसार.
बनाने का तरीका
पेस्ट तैयार करें: मूंगफली, तिल, नारियल और खसखस को हल्का भून लें और थोड़ा पानी डालकर महीन पेस्ट बना लें.
बैंगन फ्राई करें: बैंगन को धोकर सुखा लें और गरम तेल में तब तक तलें जब तक वो थोड़े नरम न हो जाएं. इन्हें बाहर निकाल लें.
मसाला भूनें: बचे हुए तेल में राई, कलौंजी, मेथी और करी पत्ता डालें. अब प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कच्चापन खत्म होने तक पकाएं.
ग्रेवी पकाएं: तैयार किया हुआ मूंगफली-तिल का पेस्ट डालें. अब लाल मिर्च, हल्दी और धनिया पाउडर डालकर तब तक पकाएं जब तक मसाला तेल न छोड़ दे.
दम दें: अब इसमें इमली का पानी और नमक डालें. तले हुए बैंगन डालकर धीमी आंच पर 10 मिनट तक ढककर पकाएं. अंत में गरम मसाला और हरा धनिया डालें.
aajtak.in