How To Reuse Old Newspapers In Home: मोबाइल और इंटरनेट के जमाने में आज भी बहुत से घरों में अखबार आता है. कई लोगों को सुबह की चाय के साथ अखबार पढ़ने की आदत होती है. लेकिन सुबह चाव से पढ़ा जाने वाला अखबार अक्सर दिन खत्म होते-होते रद्दी के ढेर में गेर दिया जाता है. ज्यादातर लोग इसे बेकार समझकर एक कोने में जमा कर देते हैं या कबाड़ी को बेच देते हैं. आपके घर में भी ऐसा ही होता होगा. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस अखबार को आप पुराना समझकर रद्दी में बेच देते हैं, वही आपके घर के कई रोजमर्रा के कामों को आसान बना सकता है?
जी हां, रद्दी में पड़े पुराने अखबार सिर्फ खबरें पढ़ने के लिए नहीं होते, बल्कि ये सफाई, पैकिंग, गार्डनिंग, स्टोरेज और कई घरेलू जुगाड़ों में भी बेहद काम आते हैं. इसकी मदद से आप न सिर्फ अपने घर के छोटे-बड़े काम आसानी से निपटा सकते हैं, बल्कि एक्स्ट्रा खर्च और कचरे को भी कम कर सकते हैं. अगर आपके घर में भी पुराने अखबारों का ढेर लगा है, तो उन्हें फेंकने या रद्दी में बेचने से पहले इनके ये शानदार इस्तेमाल जरूर जान लें. चलिए जानते हैं कि अखबारों को घर में कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है.
खिड़कियों और शीशों को चमकाने में करें इस्तेमाल
अगर खिड़कियों या शीशों पर दाग-धब्बे और उंगलियों के निशान जम गए हैं, तो पुराने अखबार का इस्तेमाल करें. अखबार की मदद से आप कांच को आसानी से साफ कर सकते हैं. खिड़कियों को साफ करने वाले लिक्विड के साथ अखबार से पोंछने पर शीशे बिना धब्बों के चमक उठते हैं.
फलों और सब्जियों को ताजा रखने में मददगार
अखबार फ्रिज में फल और सब्जी रखने वाली ड्रॉअर में बिछाने के काम आ सकता है. अखबार ड्रॉअर की एक्स्ट्रा नमी सोख लेता है. इससे ड्रॉअर भी साफ रहती है और फल-सब्जियां ज्यादा समय तक फ्रेश बनी रहती हैं.
पैकिंग के लिए बेहतरीन ऑप्शन
घर बदलते समय या बहुत से डेलिकेट सामानों को पैक करते समय पुराने अखबार बहुत काम आ सकते हैं. इन्हें बर्तनों, शोपीस या कांच के सामान के चारों ओर लपेटकर पैकिंग की जा सकती है. इससे वो टूटने से बच जाते हैं.
जूतों की बदबू और नमी दूर करें
गर्मी और बरसात के मौसम में जूतों में नमी और बदबू की समस्या देखने को मिलती है. जब ऐसा हो तब अखबार को मोड़कर जूतों के अंदर भर दें. ये नमी सोखने के साथ-साथ बदबू कम करने में भी मदद कर सकता है.
पौधों और गार्डनिंग में करें इस्तेमाल
गार्डनिंग के शौकीन लोगों के लिए पुराना अखबार किसी खजाने से कम नहीं होते हैं. इसे मिट्टी पर बिछाकर वीड की बढ़त कम की जा सकती है. इसके अलावा अखबार को फाड़कर कम्पोस्ट में भी मिलाया जा सकता है.
अलमारी और शेल्फ को रखें साफ
रसोई की शेल्फ, अलमारी या स्टोरेज रैक में अखबार बिछाने से धूल और गंदगी सीधे सतह पर नहीं जमती. समय-समय पर अखबार बदलने से सफाई का काम काफी आसान हो जाता है.
बच्चों के क्राफ्ट प्रोजेक्ट्स में आएगा काम
पुराने अखबार से पेपर मैशे, डेकोरेटिव आइटम्स, गिफ्ट रैप और कई तरह की क्राफ्ट चीजें बनाई जा सकती हैं. ये बच्चों की रचनात्मकता बढ़ाने के साथ-साथ रीसाइक्लिंग की आदत भी सिखाता है.
पेंटिंग या मरम्मत के दौरान फर्श बचाएं
घर में पेंटिंग या कोई मरम्मत का काम हो रहा हो तो फर्श और फर्नीचर पर अखबार बिछा दें. इससे पेंट, धूल और गंदगी सीधे सतह पर नहीं गिरती और बाद में सफाई भी आसान हो जाती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क