कभी ऐसा हुआ है कि आपको खाना जल्दी बनाना हो और उसी वजह से आप तेजी से काम कर रहे होते हैं. जैसे ही आप सब्जी या दाल चढ़ाकर कुकर बंद करते हैं और मन ही मन सोच रहे हों कि अब बस कुछ ही मिनटों में खाना तैयार हो जाएगा, लेकिन तभी अचानक कुकर से हल्की-हल्की भाप निकलनी शुरू हो जाती है. न ठीक से सीटी बजती है और न प्रेशर बनता है, जिसकी वजह से खाना बनने में बहुत देर हो जाती है.
इसके पीछे प्रेशर कुकर की रबड़ का ढीला या पुराना हो जाना होता है. ये बहुत ही आम समस्या है. दरअसल, कुकर के लगातार इस्तेमाल और गर्म भाप की वजह से समय के साथ रबड़ अपनी पकड़ खो देती है, जिससे ढक्कन ठीक से सील नहीं हो पाता और गैस लीक होने लगती है. अगर आप इस समस्या से परेशान हैं और नई रबड़ या कुकर खरीदने की सोच रहे हैं, तो रुक जाएं. कुछ देसी घरेलू जुगाड़ करके आप ढीली हो चुकी रबड़ को फिर से ठीक कर सकते हैं. इससे कुकर पहले की तरह सही काम करने लगता है.
1. बर्फ वाला तरीका: जब रबड़ बार-बार गर्म होकर फैल जाता है, तो उसकी पकड़ ढीली हो जाती है. ऐसे में रबड़ को कुकर से निकालकर एक बर्तन में ठंडा पानी लें और उसमें बर्फ डाल दें. फिर रबड़ को 10-15 मिनट तक उसमें डुबाकर रखें. ठंडक की वजह से रबड़ थोड़ा सिकुड़ता है और फिर से टाइट हो जाता है.
2. फ्रीजर ट्रिक: अगर बर्फ नहीं जमा है तो फ्रीजर की मदद से भी आप ढीली रबड़ को ठीक कर सकते हैं. ऐसा करने के लिए रबड़ को पहले अच्छे से साफ करके सुखा लें और फिर 20–30 मिनट के लिए फ्रीजर में रख दें. जैसे ही आप रबड़ बाहर निकालें, वैसे ही उसे ढक्कन में फिट कर दें. ठंडक की वजह से रबड़ थोड़ा सख्त होकर फिर से कुकर पर पकड़ बना लेता है.
3. आटे वाला देसी सील जुगाड़: अगर बहुत जल्दी में खाना बनाना हो, तो ये सबसे आसान तरीका है. थोड़ा सा गूंथा हुआ आटा लें और जहां से भाप निकल रही हो, वहां हल्की सी परत लगा दें. ये आटा टेंपरेरी सील की तरह काम करता है और गैस बाहर नहीं निकलने देता. लेकिन आटा लगाते समय ये ध्यान रखें कि सीटी का छेद बंद न हो.
4. हल्का तेल लगाने का तरीका: कई बार रबड़ सूख जाने की वजह से ढक्कन से ठीक से चिपक नहीं पाता. ऐसे में रबड़ को साफ करके उंगलियों पर थोड़ा सा तेल या घी लगाएं और फिर उसे ढक्कन में फिट करें. इससे रबड़ की ग्रिप बेहतर हो जाती है और भाप लीक होना कम हो जाता है.
रबड़ को लंबे समय तक कैसे रखें ठीक?
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क