Bathroom cooling tips: अप्रैल खत्म होते ही गर्मी भी अपने प्रचंड रूप में आ गई है, धूप इतनी तेज हो रही है कि घर से निकलने का मन नहीं कर रहा है.घर से बाहर ही नहीं बल्कि घर के अंदर भी कुछ हिस्से तो भट्टी की तरह लगने लगे हैं, सबसे ज्यादा बाथरूम में हाल खराब हो जाता है और अगर आपके बाथरूम में खिड़की ना हो तो गर्मी से 2 मिनट भी रुका नहीं जाता है और नहाने में हालत खराब हो जाती है.
लेकिन अब परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि एक आसान देसी जुगाड़ से आप बिना खिड़की वाले बाथरूम को भी ठंडा और फ्रेश बना सकते हैं. घर में मौजूद चीजों की मदद से आप अपने बाथरूम की उमस के साथ-साथ बदबू को भी कम कर सकते हैं. बिना खिड़की वाले बाथरूम को ड्राई और उमस से बचाकर रखा जा सकता है, लेकिन उसके लिए आपको कुछ सही और असरदार तरीके अपनाने होंगे.
क्यों बढ़ती है बाथरूम में उमस?
सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि बाथरूम में उमस ज्यादा क्यों होती है, गर्मियों में बाथरूम में पानी का इस्तेमाल ज्यादा होता है, जिससे वहां नमी बढ़ जाती है. जब हवा का सही वेंटिलेशन नहीं होता, तो यह नमी बाहर नहीं निकल पाती और उमस बढ़ जाती है. यही वजह है कि बाथरूम में घुटन और चिपचिपाहट महसूस होती है.
देसी जुगाड़ करेगा आपकी मदद
अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं और आपका बाथरूम भी उमस से भरा रहता है तो आप कुछ आसान देसी उपाय करके देख सकते हैं, यह आपकी समस्या को काफी हद तक कम करने में मदद करेंगे.
नमक: नमक में नमी सोखने की ताकत होती है. इसके लिए एक बाल्टी या बर्तन में थोड़ा मोटा नमक भरकर बाथरूम के किसी कोने में रख दें. यह धीरे-धीरे हवा की नमी को सोख लेगा और बाथरूम का माहौल सूखा और ठंडा बनाएगा.
बर्फ और पंखे का इस्तेमाल
अगर आपके बाथरूम में छोटा एग्जॉस्ट फैन या टेबल फैन है तो उसके सामने बर्फ से भरा बर्तन रख दें. जैसे ही पंखा चलेगा, ठंडी हवा पूरे बाथरूम में फैलने लगेगी. यह तरीका बिल्कुल देसी AC जैसा काम करता है और बाथरूम पूरा ठंडा हो जाएगा, जिससे उमस नहीं रहेगी.
खुशबू के लिए करें आसान उपाय
बाथरूम से गर्मियों में अजीब-स्मेल आने लगती है, जिसकी वजह से बाथरूम के अंदर घुटन महसूस होती है. बाथरूम को ठंडा रखने के साथ-साथ खुशबूदार बनाना भी बहुत जरूरी है. इसके लिए एक कटोरी में पानी लेकर उसमें नींबू के टुकड़े और थोड़ा कपूर डालकर रख दीजिए,ऐसा करने से बाथरूम में फ्रेश खुशबू बनी रहेगी और उमस का एहसास भी कम होगा.
थोड़ा खुला रखें दरवाजा
अक्सर ही लोग बदबू बाहर न आए, ये सोचकर बाथरूम का दरवाजा हमेशा बंद रखते हैं, लेकिन गर्मियों के दिनों में बाथरूम के गेट को थोड़ा-सा ओपन ही छोड़ना सही होता है, क्योंकि इससे उसके अंदर हवा जाती रहती है और अंदर की गर्म हवा निकल जाती है. इससे बाथरूम के अंदर उमस नहीं होती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क