How To Soften Leftover Rice: फ्रिज में रखे-रखे पत्थर जैसे सख्त हो जाते हैं चावल? फेंकने के बजाय आजमाएं ये 4 ट्रिक्स, फिर से हो जाएंगे सॉफ्ट!

How To Soften Leftover Rice: फ्रिज में रखे चावल अक्सर सूखे और सख्त हो जाते हैं. ऐसे में लोग उन्हें फेंक देते हैं. अगर आप भी उन्हीं में से हैं तो आप गलत कर रहे हैं. चावलों को फेंकने के बजाय आप माइक्रोवेव स्टीम या गैस पर पानी छिड़ककर उन्हें फिर से ताजा और मुलायम बना सकते हैं. इस खबर में हम आपको चावलों को खिला-खिला बनाने के ट्रिक्स बताने वाले हैं.

Advertisement
आप चावलों को फिर से सॉफ्ट और खिला-खिला बनाने के लिए स्टीमर का इस्तेमाल कर सकते हैं.  (Photo: ITG) आप चावलों को फिर से सॉफ्ट और खिला-खिला बनाने के लिए स्टीमर का इस्तेमाल कर सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:30 PM IST

How To Soften Leftover Rice: यूं तो खाना फ्रिज में इसलिए रखा जाता है कि वो लंबे समय तक फ्रेश रहे, लेकिन कुछ चीजों को उसमें स्टोर करने से उनका टेक्शचर खराब हो जाता है. इन चीजों में चावल भी शामिल हैं. कभी न कभी आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ होगा कि रात में बड़े चाव से बनाए गए खिले-खिले चावल जब आप सुबह फ्रिज से निकालते हैं, तो वो बिल्कुल पत्थर जैसे सख्त, सूखे और चिपके हुए नजर आते हैं. अक्सर आप इन चावलों को बासी और खराब समझकर फेंक देते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कल रात तक जो चावल रुई जैसे सॉफ्ट थे, वो फ्रिज की ठंडी हवा लगते ही अचानक इतने सूखे क्यों हो जाते हैं?

आज हम आपको बताएंगे कि ये चावल फ्रिज में रखने से सूख क्यों जाते हैं और इसके साथ ही कुछ ट्रिक्स भी बताएंगे, जिनकी मदद से आप सूखे चावलों को फिर से मुलायम और खिला-खिला हुआ बना सकते हैं.

क्यों सूख जाते हैं फ्रिज में रखे चावल?
जब आप चावल पकाते हैं, तो उसमें मौजूद स्टार्च पानी सोखकर फूल जाता है. इसी वजह से चावल सॉफ्ट, फूला हुआ और खिला-खिला बन जाता है. लेकिन जैसे ही आप इसे फ्रिज में रखते हैं, वही स्टार्च वापस पहले जैसी कंडीशन में आने लगता है. इस प्रोसेस को स्टार्च रेट्रोग्रेडेशन कहते हैं.

Advertisement

इस दौरान चावल का स्टार्च पानी को अलग कर देता है, जिससे दाने सख्त और सूखे लगने लगते हैं. लेकिन असल में पानी गायब नहीं होता, बस चावल से अलग हो जाता है. आप सूखे चावलों को हल्की गर्मी देकर फिर से सॉफ्ट बना सकते हैं.

सूखे चावल को फिर से मुलायम बनाने के आसान तरीके 

1. माइक्रोवेव स्टीम ट्रिक: सूखे चावलों को फिर से मुलायम करने का सबसे आसान तरीका उन्हें माइक्रोवेव में स्टीम करना है. सबसे पहले चावल को 15-20 मिनट के लिए फ्रिज से बाहर निकाल कर रख दें ताकि वो थोड़ा नॉर्मल हो जाए. फिर उसे माइक्रोवेव सेफ बाउल में डालकर ऊपर से 1 चम्मच पानी छिड़कें और बाउल को ढककर 45-60 सेकंड तक माइक्रोवेव करें. इससे बनने वाली भाप चावल में नमी वापस ले आती है और वो फिर से सॉफ्ट और फ्रेश हो जाता है.

Advertisement

2. गैस पर गर्म करने का तरीका: अगर आपके घर पर माइक्रोवेव नहीं है, तो आप गैस पर भी चावल को आसानी से दोबारा सॉफ्ट कर सकते हैं. इसके लिए चावल को पैन या कड़ाही में डालें और उसमें 1–2 चम्मच पानी या थोड़ा सा तेल मिलाएं. अब धीमी आंच पर चलाते हुए चावल को गर्म करें और फिर ढककर 3-5 मिनट के लिए छोड़ दें. इस तरीके से चावल धीरे-धीरे सॉफ्ट हो जाता है और जो गांठें बन गई होती हैं, वो भी आसानी से टूट जाती हैं.

3. स्टीमर या इडली कुकर का इस्तेमाल: आप चावलों को दोबारा सॉफ्ट और खिले-खिले बनाने के लिए स्टीम भी कर सकते हैं. इसके लिए चावल को स्टीमर या इडली कुकर की जाली में रखें और नीचे पानी उबाल लें. फिर चावल को 10–12 मिनट तक स्टीम करें. भाप से चावल फिर से फूले हुए और सॉफ्ट हो जाते हैं, बिल्कुल वैसे ही जैसे ताजे बने हों.

4. दाल या करी वाला शॉर्टकट: अगर आप जल्दी में हैं, तो ये तरीका सबसे आसान है. सूखे चावल को हल्का सा तोड़ लें और उसके ऊपर गरम दाल या सब्जी डाल दें. फिर इसे हल्के से मिक्स करें. दाल या करी की गर्मी और नमी चावल को तुरंत सॉफ्ट बना देती है. चाहें तो ऊपर से थोड़ा घी डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement