मिडल ईस्ट में चल रही जंग की वजह से कई एयरपोर्ट बंद हो गए हैं. हर रोज कई फ्लाइट्स रद्द की जा रही हैं. इस बीच दुबई में फंसे पुणे के एक परिवार की सुरक्षित घर वापसी हो गई है. हालांकि, उन्हें घर लौटने के लिए असल से कई गुणा ज्यादा कीमत चुकानी पड़ी.
पुणे के रहने वाले मधुर जोशी अपने परिवार के साथ दुबई में अपनी बहन से मिलने गए थे. लेकिन युद्ध शुरू होने के बाद वहां के हालात खराब हो गए और उनकी उड़ान रद्द हो गई.
मधुर जोशी ने बताया कि उनका परिवार 28 फरवरी को भारत लौटने वाला था. उन्होंने पहले इंडिगो से बुकिंग की थी, लेकिन वो फ्लाइट कैंसिल हो गई. जिसके बाद उन्होंने स्पाइसजेट से बुकिंग की और कई गुना ज्यादा कीमत चुकाकर घर लौट आए.
12 हजार की जगह चुकाए 82 हजार
मधुर जोशी ने कहा, 'मैंने इंडिगो से टिकट बुक किया था, लेकिन फ्लाइट नहीं चली. मंगलवार को स्पाइसजेट की दो फ्लाइट्स थीं, इसलिए हमने उसी में टिकट बुक कर लिया. एयर इंडिया एक्सप्रेस में 5 मार्च के लिए जो टिकट मुझे 12,000 रुपये का पड़ रहा था, वो मुझे प्रति व्यक्ति 82,000 रुपये का पड़ा. हम छह यात्री थे- मेरे माता-पिता, मेरी पत्नी, मेरी बहन, उसका पति और दो छोटे बच्चे.'
'मिसाइलों के टकराने पर हम कांप...'
मधुर ने आगे बताया कि भारत की फ्लाइट के लिए पहले वो फुजेरा गए. उन्होंने कहा, 'मेरी बहन और जीजाजी वहीं रहते हैं. हम उनके घर पर ठहरे हुए थे. मिसाइलों के टकराने पर हम कांप जाते थे. वैसे तो कोई समस्या नहीं थी. हम दुबई से फुजेरा गए और वहीं से उड़ान भरी.'
मुस्तफा शेख