देश के कई हिस्सों में गर्मी ने मार्च की शुरुआत में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बुधवार को कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया. गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों के कई इलाकों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव जैसी स्थिति देखी गई, जबकि महाराष्ट्र के विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी लू का असर महसूस किया गया.
IMD के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया. इसके अलावा पूर्व और पश्चिम राजस्थान, पंजाब के कई हिस्सों, पूर्व और पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहा.
मौसम विभाग ने 28 फरवरी को जारी अपने मासिक पूर्वानुमान में कहा था कि मार्च से मई के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक हीटवेव वाले दिन देखने को मिल सकते हैं. गुजरात में अहमदाबाद और गांधीनगर जैसे शहरों में भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है, जहां अधिकतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस और 6.4 डिग्री सेल्सियस सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया.
IMD के अनुसार गुजरात के कई हिस्सों में 13 मार्च तक ऐसी स्थिति बनी रह सकती है. सौराष्ट्र और कच्छ में 12 मार्च को कई स्थानों पर हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की संभावना है, जबकि 12 और 13 मार्च को गुजरात क्षेत्र के कुछ इलाकों में भी लू चलने के आसार हैं. इसके अलावा असम, मेघालय और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के कुछ स्थानों पर भी अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया.
स्काईमेट के मुताबिक, 12 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है. इसके बाद 13 से 16 मार्च के बीच भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी. वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 मार्च तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. साथ ही हिमाचल प्रदेश में 12 मार्च को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है.
14 से 16 मार्च के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ आँधी चल सकती है. 15-16 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऐसी गतिविधियां संभव हैं. 14 मार्च को पश्चिमी राजस्थान और 14-15 मार्च को पूर्वी राजस्थान में बारिश हो सकती है.
पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, चंडीगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में गरज-चमक, बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में 16 मार्च तक छिटपुट से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है.
aajtak.in