'पेट्रोल है क्या' पूछने से शुरू हुआ विवाद, प्लंबर की रॉड और लात-घूंसों से पीटकर हत्या, CCTV में कैद वारदात

नांदेड़ जिले में एक पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पेट्रोल के बारे में पूछे गए सवाल पर हुई कहासुनी के बाद दो लोगों ने प्लंबर कियाफत अली की लात-घूंसों और रॉड से पिटाई कर दी. गंभीर रूप से घायल कियाफत की इलाज के दौरान मौत हो गई. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है.

Advertisement
CCTV बना हत्यारों के खिलाफ सबसे बड़ा सबूत. (Photo: Screengrab) CCTV बना हत्यारों के खिलाफ सबसे बड़ा सबूत. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • नांदेड़ ,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:34 PM IST

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक मामूली विवाद ने एक शख्स की जान ले ली. नांदेड़ तहसील के सोनखेड़ थाना क्षेत्र स्थित सुमित मोर्गे पेट्रोल पंप परिसर में दो लोगों ने एक प्लंबर की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. जानकारी के अनुसार पीर बुहानगर निवासी कियाफत अली अपने भाई सादिक अली के साथ पेट्रोल पंप परिसर में प्लंबर का काम कर रहे थे. इसी दौरान पेट्रोल भरवाने आए दो लोगों ने उनसे पूछा कि पेट्रोल पंप पर पेट्रोल उपलब्ध है या नहीं.

Advertisement

कियाफत अली ने जवाब दिया कि वह प्लंबर हैं और इस बारे में पेट्रोल पंप कर्मचारियों से जानकारी लेनी चाहिए. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा में बदल गया. आरोप है कि पेट्रोल भरवाने आए पवन चौधरी और बालाजी मोरे ने कियाफत अली पर हमला कर दिया. दोनों आरोपियों ने पहले लात-घूंसों से मारपीट की और फिर रॉड से हमला कर दिया. पेट्रोल पंप परिसर में मौजूद लोगों के सामने कियाफत अली की बेरहमी से पिटाई की गई.

कहासुनी के बाद प्लंबर पर लात-घूंसों और रॉड से हमला

हमले में कियाफत अली गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए विष्णुपुरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही सोनखेड़ पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस सहायक निरीक्षक भगवत नागरगोजे और उनकी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. 

Advertisement

इसके साथ ही नांदेड़ लोकल क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई. जांच के दौरान पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में आरोपी पवन चौधरी और बालाजी मोरे कियाफत अली को रोककर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं. सीसीटीवी फुटेज ने पूरे घटनाक्रम को साफ कर दिया है.

अस्पताल पहुंचने तक जिंदगी से हार गया कियाफत

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और देर रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के खिलाफ सोनखेड़ पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस सहायक निरीक्षक भगवत नागरगोजे मामले की आगे की कार्रवाई में जुटे हुए हैं. एक मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया, जिसने इलाके के लोगों को भी हैरान कर दिया है.

---- समाप्त ----
रिपोर्टर- कुंवरचंद मलकूलाल मंडले

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »