महाराष्ट्र में जालना जिले के अंबड तहसील से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां अपनी विवाहित प्रेमिका को साथ रखने की जिद से परेशान विवाहित प्रेमी ने उसे जायकवाड़ी की बाईं नहर में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया. यह सनसनीखेज घटना अंबड तहसील के नालेवाड़ी शिवार इलाके में सामने आई है.
इस मामले में गोंदी पुलिस थाने में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है. मृत महिला की पहचान 40 साल की सुरेखा नंदकिशोर आन्वीकर के रूप में हुई है. वहीं आरोपी की पहचान 48 साल के बाबासाहेब छगन राठोड के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, मृतका और आरोपी के बीच पिछले कुछ वर्षों से प्रेम संबंध थे. दोनों की मुलाकात एक काम के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों लगातार संपर्क में थे. महिला अपने पति का घर को छोड़कर आरोपी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी. लेकिन आरोपी पहले से शादीशुदा होने के कारण उसे अपने साथ रखने से बच रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था.
बताया जा रहा है कि आरोपी बाबासाहेब राठोड़ महिला को अपनी बाइक पर बैठाकर नालेवाड़ी शिवार स्थित जायकवाड़ी की बाईं नहर के पास ले गया. वहां महिला ने फिर से उसके साथ रहने की जिद की. आरोपी को डर था कि महिला उस पर दबाव बनाए रखेगी और उसका पारिवारिक जीवन भी प्रभावित होगा. इसी वजह से उसने पहले से साजिश रची और मौका देखकर महिला को बहती नहर में धक्का दे दिया.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह हत्या निकली. मृतका के पति नंदकिशोर जगन्नाथ आन्वीकर की शिकायत पर गोंदी पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया. मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अशोक खरात कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है और दोनों के बीच पुराने संपर्कों की भी जांच की जा रही है. इस वारदात से अंबड तहसील में सनसनी फैल गई है.
गौरव विजय साली