प्लास्टिक की थैली में फेंका नवजात, दो बच्चों की मां गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

सूरत में कचरे के ढेर से एक नवजात शिशु का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने 43 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला ने पूछताछ में बताया कि दो बड़े बच्चों की मां होने के बावजूद दोबारा गर्भवती होने पर बदनामी के डर से उसने नवजात को कचरे में फेंक दिया था.

Advertisement
कचरे में नवजात फेंकने वाली मां गिरफ्तार. (Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG) कचरे में नवजात फेंकने वाली मां गिरफ्तार. (Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

संजय सिंह राठौर

  • सूरत ,
  • 01 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:01 PM IST

सूरत में एक नवजात शिशु का शव कचरे के ढेर में मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. चौक बाजार थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने समाज में बदनामी के डर से अपने मृत नवजात शिशु को प्लास्टिक की थैली में डालकर कचरे के ढेर में फेंक दिया था.

Advertisement

यह मामला 25 मई 2026 की रात का है. रात करीब एक बजे कतारगाम के अवधूतनगर सोसायटी क्षेत्र में सीताराम फ्लोर मिल के सामने भक्तिनगर की ओर जाने वाली सड़क पर एक फटी हुई प्लास्टिक की थैली में करीब एक दिन के मृत नवजात शिशु का शव मिला था. सूचना मिलने के बाद चौक बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई.

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में देखा गया कि कुछ आवारा कुत्ते एक प्लास्टिक की थैली को कचरे के ढेर से खींचकर सड़क तक ले आए थे. इसके बाद पुलिस ने उस स्थान के आसपास के कैमरों की और गहन जांच की.

CCTV के सहारे आरोपी महिला तक पहुंची पुलिस

जांच में एक महिला संदिग्ध रूप से दिखाई दी. वह हाथ में काले रंग की प्लास्टिक की थैली लेकर शांतिनगर सोसायटी से अवधूतनगर की ओर जाती नजर आई. पुलिस ने इस सुराग के आधार पर आगे जांच बढ़ाई और आखिरकार महिला तक पहुंच गई. पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान 43 वर्षीय हेमलताबेन विरेंद्रसिंह बारिया के रूप में की है. वह घरेलू कामकाज कर अपना जीवनयापन करती है और शांतिनगर सोसायटी में रहती है.

Advertisement

पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसके पहले से दो वयस्क बच्चे हैं. वह दोबारा गर्भवती हो गई थी, जिससे उसे समाज में बदनामी और लोकलाज का डर सताने लगा था. महिला के अनुसार, जब घर में कोई मौजूद नहीं था, तब उसने समय से पहले एक बच्चे को जन्म दिया. इसके बाद उसने नवजात को प्लास्टिक की थैली में रखा और कचरे के ढेर में फेंक दिया.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं. अस्पतालों में भी जानकारी जुटाई गई और तकनीकी विश्लेषण के जरिए पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी गईं. सीसीटीवी फुटेज इस मामले के खुलासे में सबसे अहम सबूत साबित हुआ.

नवजात का शव मिलने के बाद जांच तेज

चौक बाजार पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 94 और 91 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. महिला को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता के साथ की गई और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया. फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »