अचानक फेल हुआ DTC बस का ब्रेक, ड्राइवर ने डिवाइडर पर चढ़ाकर टाला बड़ा हादसा

दिल्ली के राजघाट ट्रैफिक सिग्नल पर उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब डीटीसी की एक बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया. ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.

Advertisement
 राजघाट के पास अचानक ब्रेक फेल होने से डीटीसी बस अनियंत्रित हो गई और ड्राइवर की सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को टाल दिया. (Photo: PTI) राजघाट के पास अचानक ब्रेक फेल होने से डीटीसी बस अनियंत्रित हो गई और ड्राइवर की सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को टाल दिया. (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:52 PM IST

दिल्ली के राजघाट ट्रैफिक सिग्नल के पास रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब दिल्ली ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (DTC) की एक बस अचानक तकनीकी खराबी के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई. पुलिस के मुताबिक बस सराय काले खां से राजघाट की ओर जा रही थी. इसी दौरान बस का ब्रेकिंग सिस्टम अचानक फेल हो गया. व्यस्त सड़क और ट्रैफिक को देखते हुए स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती थी, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया.

Advertisement

जांच अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही ड्राइवर को ब्रेक फेल होने का एहसास हुआ, उसने बस को नियंत्रित करने के लिए उसे सीधे डिवाइडर की तरफ मोड़ दिया, ताकि किसी अन्य वाहन या राहगीर को नुकसान न पहुंचे. उस समय सड़क पर सामान्य दिनों की तरह काफी ट्रैफिक मौजूद था, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी. अगर ड्राइवर समय रहते फैसला नहीं लेता, तो बस कई वाहनों या राहगीरों को टक्कर मार सकती थी.

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था. बस में केवल ड्राइवर और कंडक्टर सवार थे. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई और न ही किसी अन्य वाहन को नुकसान पहुंचा. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को नियंत्रित करने की कोशिश की और उसे सीधे सड़क के डिवाइडर की तरफ मोड़ दिया. बस डिवाइडर पर चढ़कर तिरछी स्थिति में जाकर रुक गई. इस कदम से संभावित बड़ा हादसा टल गया. पुलिस अधिकारियों ने भी ड्राइवर की सूझबूझ की सराहना की.

Advertisement

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बस को डिवाइडर पर तिरछी खड़ी देखा जा सकता है, जबकि आसपास मौजूद लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की आईपी एस्टेट थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में क्रेन की मदद से बस को हटाकर सड़क को खाली कराया गया, हालांकि इस दौरान कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement