दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान भूमि में देर रात सीवर पाइपलाइन के काम के दौरान बड़ी घटना हो गई. रात करीब 1:20 बजे श्मशान की एक दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में तीन मजदूर आ गए. इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.
बीती रात यहां सीवर पाइपलाइन का काम चल रहा था. मजदूर अपने काम में लगे हुए थे. लेकिन इसी दौरान श्मशान भूमि की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. कुछ सेकंड... और सब कुछ बदल गया. दीवार गिरते ही वहां काम कर रहे तीन मजदूर उसकी चपेट में आ गए. मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े. किसी को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है.
लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. रात 1:20 बजे कॉल पहुंचते ही दिल्ली फायर सर्विस की तीन गाड़ियां मौके के लिए रवाना हुईं. टीम जब पहुंची तो हालात गंभीर थे- मलबा फैला हुआ था, और नीचे मजदूर दबे हुए थे. रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया गया.
यह भी पढ़ें: बारिश से बेहाल हुआ बेंगलुरु, सड़कें जलमग्न, हॉस्पिटल की दीवार गिरने से 7 लोगों की मौत
काफी मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. एक मजदूर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि जिस दीवार के पास काम चल रहा है, वही दीवार एक व्यक्ति की जिंदगी खत्म कर देगी.
श्मशान भूमि के चौकीदार भगवान दास ने बताया कि जिस कमरे में वह रहते हैं, उसी के पास की दीवार गिर गई. उनका कहना है कि वह खुद बाल-बाल बच गए. उनके सामने ही यह हादसा हो गया. भगवान दास ने कहा कि हम तो बच गए, लेकिन वहां काम कर रहे तीन मजदूर दब गए... एक की मौत हो गई. वहीं मौके पर मौजूद मोहम्मद जमाल ने बताया कि दीवार गिरने से तीन लोग चपेट में आए, जिनमें एक की मौत हो गई और दो घायल हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.
आशुतोष कुमार