बकरीद के बाद से ही मवेशी की कुर्बानी का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. इसमें एक व्यक्ति पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का मजाक उड़ाते हुए उन्हें चुनौती दे रहा है. वो बांग्ला भाषा में कहता है कि हम शुभेंदु अधिकारी की माता जी की कुर्बानी दे रहे हैं. कई लोग इसे पश्चिम बंगाल का वीडियो बता रहे हैं और विवादित बात कहने वाले शख्स के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की नई बीजेपी सरकार ने 1950 के पशु वध नियंत्रण अधिनियम को सख्ती से लागू किया था जिसे लेकर प्रदेश के कई सारे पशु व्यापारियों ने नाराजगी जताई थी. मामला कोर्ट तक गया था लेकिन कोर्ट ने इस पर रोक लगाने से इंकार कर दिया था.
इसी संदर्भ में वायरल हो रहे कुर्बानी के वीडियो को शेयर करते हुए एक एक्स यूजर ने लिखा, “वीडियो पश्चिम बंगाल की बताई जा रही. ये पीछे जिसकी कुर्बानी दी जा रही वो सम्भवतः गाय जैसी दिख रही है और साथ ही ये दरिंदा क़त्ल की वीडियो बनाकर बंगाल CM शुभेंदु दादा को चेतावनी भी दे रहा.. ऐसा इलाज करें कि ऐसा सोचने वाले भी कांप उठे.”
लेकिन आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं, बांग्लादेश का है. इसमें विवादित बात करने वाला व्यक्ति एक कंटेंट क्रिएटर है जो अक्सर ही अपने वीडियोज में शुभेंदु अधिकारी की बातें करता है.
कैसे पता की सच्चाई?
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें ये बांग्लादेशी कंटेंट क्रिएटर सगोर अली के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला. अली ने इसे 28 मई को पोस्ट किया था.
अली के इंस्टाग्राम अकाउंट की लोकेशन बांग्लादेश है. फेसबुक पर कई पोस्ट्स में उसने खुद को बांग्लादेश के ठाकुरगांव जिले में हरिपुर उपजिला का निवासी बताया है.
हरिपुर उपजिला बांग्लादेश में है और भारतीय सीमा के पास पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग के सामने पड़ता है.
हमें अली के ऐसे कई वीडियो मिले जिनमें वो शुभेंदु अधिकारी का मजाक उड़ाता दिख रहा है. बांग्लादेशी पत्रकार शोहानूर रहमान ने भी हमें यही बताया की सगोर अली बांग्लादेश में रहते हैं और पिछले कुछ दिनों से शुभेंदु अधिकारी पर वीडियो बना रहे हैं.
साफ है कि वायरल वीडियो बांग्लादेश के कंटेंट क्रिएटर सगोर अली ने बनाया है.
मो. महफूज़ आलम