फैक्ट चेक: सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद को दफनाने का नहीं है ये वीडियो, इसकी कहानी कुछ और है

सोशल मीडिया पर एक वीडियो को गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद के अंतिम संस्कार का बताकर वायरल किया जा रहा है. फैक्ट चेक में पता चला कि यह वीडियो असद का नहीं बल्कि अंबेडकरनगर के हत्यारोपी आमिर का है, जो मई 2026 में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था. आमिर के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में उसे दफनाया गया था.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद को दफनाए जाने का वीडियो है.
सच्चाई
ये यूपी के अंबेडकरनगर का वीडियो है जहां आमिर नामक एक हत्यारोपी के शव को पुलिस की मौजूदगी में दफनाया गया था.  

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली,
  • 01 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:29 PM IST

गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद से ही किसी को एक गड्डे में दफनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर हो रहा है. कुछ लोगों का कहना है कि ये असद को दफनाए जाने का वीडियो है. उसके परिवार के लोगों ने ही उसका अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया.

वीडियो पर लिखा है, 'असद को 4 कंधे भी नहीं मिले'. रात के इस वीडियो की शुरुआत में कुछ लोग एक शव को गड्ढे में डालते हैं. फिर कोई कहता है, 'आरिफ, फडुवा लो, माटी गिराए दो. जाओ, अकेले गिरा दो, कोई दिक्कत नहीं'. इसके बाद एक व्यक्ति फावड़े से मिट्टी खोद कर गड्ढे के अंदर डालने लगता है.  

Advertisement

एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "असद को चार कंधे भी नहीं मिले जनाजा उठाने को!!"

पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो यूपी के बुलंदशहर का है जहां पुलिस एनकाउंटर में मारे गए एक आमिर नाम के  एक हत्या के आरोपी को दफनाया गया था.

कैसे पता लगाई सच्चाई?  

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें फेसबुक पर इसका एक लंबा वर्जन मिला. इस पोस्ट में वीडियो को अंबेडकरनगर की एक घटना से संबंधित बताया गया है.

इस जानकारी की मदद से सर्च करने पर हमें दैनिक भास्कर की 5 मई, 2026 की रिपोर्ट मिली जिसमें इस घटना के बारे में विस्तार से बताया गया है. 

रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में जिस शख्स को दफनाया जा रहा है, उसका नाम आमिर था. 19 साल के आमिर पर आरोप था कि उसने दो मई को अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले में एक महिला और उसके चार बच्चों की हत्या कर दी थी. दरअसल, महिला का पति सउदी अरब में रहता था और उसने वहीं एक महिला से शादी कर ली थी. इस वजह से आमिर, महिला से शादी करके उसकी जमीन हड़पना चाहता था. जब महिला इसके लिए तैयार नहीं हुई तो उसने उसके और उसके बच्चों के साथ मारपीट की और उनकी हत्या कर दी.

Advertisement

आजतक की रिपोर्ट के अनुसार 4 मई को आमिर, पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में मारा गया. आमिर का पोस्टमार्टम होने के बाद जब पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया, तो उन्होंने उसका शव लेने से साफ इंकार कर दिया. साथ ही, इलाके के पेश इमाम ताज मोहम्मद ने भी आरोपी के लिए फातिहा पढ़ने और जनाजे की नमाज अदा कराने से मना कर दिया था. ऐसे में पुलिस ने अपनी देखरेख में शव को दफन करवाया था.  

इस घटना के बारें में और भी कई खबरें छपी थीं जिनमें वायरल वीडियो से मिलती-जुलती तस्वीरें देखी जा सकती हैं.  

सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद के चाचा ने क्या बताया?

खबरों के मुताबिक, असद का शव पुलिस ने बुलंदशहर के रहने वाले उसके चाचा को सौंप दिया था. असद के चाचा आबिद ने यूपी तक को बताया कि असद के परिवार में उसके पिता हैं, जो कि इस मामले में आरोपी हैं, उसकी सौतेली मां हैं, साथ ही, एक भाई और एक बहन हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. असद एक कपड़े की दुकान में काम करता था.  

 

आबिद ने आजतक फैक्ट चेक को बताया कि असद का शव गाजियाबाद के एक कब्रिस्तान में दफनाया गया है.  

असद के परिवार का कोई सदस्य उसकी मैयत में शामिल हुआ या नहीं, इस बारे में हम पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकते. लेकिन इतनी बात तय है कि वायरल वीडियो पुराना है और अंबेडकरनगर में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए हत्यारोपी आमिर को दफनाए जाने से संबंधित है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »