यूट्यूब पर बच्चों को पढ़ाने वाले टीचर्स की लिस्ट यूं तो बहुत लंबी है. लेकिन उनमें से जो सबसे पॉपुलर हुए, उन्हें हाल ही में कॉमेडियन कपिल शर्मा के नेटफ्लिक्स शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' पर देखा गया. बच्चों के फेवरेट खान सर उर्फ फैसल खान, फिजिक्स वाला के मालिक अलख पांडे और मोशन कोटा के सीईओ नितिन विजय ने कॉमेडी शो पर शिकरत की, जहां उनके साथ खूब सारी मस्ती और धमाल किया गया.
क्यों खान सर ने ठुकराया करोड़ों रुपयों का ऑफर?
शो के दौरान तीनों टीचर्स ने अपने-अपने एक्सपीरियंस शेयर किए. इसमें से खान सर, जिन्हें हर कोई सुनना पसंद करता है उनसे जुड़ी एक दिलचस्प बात सामने आई. कपिल शर्मा ने खुलासा किया कि खान सर को एक बार 107 करोड़ रुपये की टीचिंग जॉब का ऑफर आया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था. जब कॉमेडियन ने खान सर से इसकी वजह पूछी, तो उन्होंने इसके पीछे की पूरी कहानी सुनाई.
खान सर बोले- जब हम स्टूडेंट थे, तो हमारा सपना था कि अलग-अलग जगहों पर जाकर पढ़ाई करें. जैसा हमने बताया, कोटा जाना चाहते थे, लेकिन उस वक्त पैसे नहीं थे, नहीं जा पाए. आज भी 90% से ज्यादा स्टूडेंट रिजर्व्ड ट्रेन का टिकट नहीं खरीद पाते. हम लोग ट्रेन के दरवाजे पर खड़े रहते थे, अंदर जाने की हिम्मत नहीं होती थी. सोचते थे कि अगर पकड़े गए तो 400 रुपये का जुर्माना लग जाएगा.
'इसलिए बस दरवाजे पर ही बैठ जाते थे. जब कोचिंग वाले टीचर का चेहरा देखने के लिए ही 1 लाख रुपये मांगते थे, तो हम महंगे कोचिंग सेंटर कैसे जॉइन कर पाते? पहले ऑनलाइन क्लास जैसा कुछ था ही नहीं. अगर पर्सनली क्लास अटेंड करनी होती थी, तो लगभग 2 लाख रुपये खर्च हो जाते थे.'
बच्चों के दर्द की खातिर खान सर ने दी कुर्बानी
खान सर आगे बताते हैं कि उन्होंने वो जॉब इसलिए नहीं ली, क्योंकि वो अपनी तरह बाकी बच्चों का दर्द समझते थे. खान सर नहीं चाहते थे कि बाकी बच्चे भी वैसे स्ट्रगल करें. उन्होंने इसे मजाकिया अंदाज में कहा, 'जब मुझे मौका मिला, तब मैंने उन पुराने दिनों को नहीं भुलाया था, ना ही अपने पैरों पर लगे घावों को. मुझे पता था कि आज भी बहुत सारे स्टूडेंट्स वही परेशानी झेल रहे हैं. इसलिए मैंने फैसला किया कि अगर कभी मुझे मौका मिला, तो मैं उस रास्ते पर नहीं चलूंगा. रावण का पूरा विशाल साम्राज्य भी टिक नहीं पाया, तो फिर 107 करोड़ रुपये क्या चीज है? सच तो ये है कि जो हमें 107 करोड़ दे रहा था, उसकी कंपनी अब है ही नहीं.'
जब खान सर से आगे शो की जज अर्चना पूरन सिंह ने पूछा कि उन्हें क्यों इतना पैसा ऑफर किया जा रहा था, तो वो बोले- वो चाहता था कि मैं उनके साथ जुड़ जाऊं और फीस बहुत बढ़ा दूं. वो काम तुरंत हो जाता. असल में ये महंगे इंस्टीट्यूट कहते हैं कि वो कम चार्ज करता है क्योंकि उसका लेवल वही है. अगर तुम्हें प्रीमियम वाली पढ़ाई चाहिए, तो प्रीमियम पैसे देने पड़ेंगे. हमने बहुत मेहनत की है. हाई स्टैंडर्ड तक पहुंचे हैं, दुनिया का सबसे बड़ा एजुकेशन चैनल बन गए हैं, और फिर भी फीस कम रखी है. अब कौन हमारी क्वालिटी पर सवाल उठा सकता है? लॉकडाउन के समय मैंने सिर्फ 11 रुपये फीस लेकर पढ़ाया था. आज मुंबई रेलवे स्टेशन पर 100 से 150 बच्चे नौकरी कर रहे हैं. और आज हर डिपार्टमेंट में हमारे किसी ना किसी बच्चे की मौजूदगी है.
बात करें खान सर की, तो वो बिहार के मशहूर टीचर हैं जो बच्चों को कॉम्पिटिशन वाले एग्जाम जैसे यूपीएसई की पढ़ाई कराते हैं. यूट्यूब पर उनके करीब 25.4 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं. बच्चों को उनकी बातें बड़ी चटपटी और मजेदार लगती हैं, इसलिए वो उन्हें सुनना और देखना पसंद करते हैं.
aajtak.in