भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर इस समय हेटर्स के निशाने पर हैं. श्रेष्ठा अय्यर को सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. लोग उनपर भद्दे और अपमानजनक कमेंट कर रहे हैं, जो काफी शर्मनाक हैं. श्रेष्ठा अय्यर भी चुप नहीं रहीं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो शेयर करके हेटर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया है. आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है?
आखिर क्यों गुस्से में हैं श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा?
दरअसल, पंजाब किंग्स टीम आईपीएल 2026 से बाहर हो गई है. पंजाब के बाहर होते ही कप्तान श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर को लोग सोशल मीडिया पर खरी-खोटी सुनाने लगे, क्योंकि 6 अप्रैल को KKR और PBKS के बीच हुआ मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था. ऐसे में दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट दिया गया था. उस वक्त श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर ने एक बैंटर वीडियो बनाया था. इसमें उन्होंने कहा था कि पंजाबियों का दिल बहुत बड़ा है. उन्होंने KKR पर निशाना साधते हुए कहा था कि लो तुम्हें भी एक पॉइंट दिया.
फैंस को लगता है कि श्रेष्ठा ने KKR टीम का मजाक उड़ाया, उनका अपमान किया. ऐसे में अब पंजाब के IPL से बाहर होते ही ट्रोलर्स ने उस पुराने वीडियो को दोबारा वायरल करके श्रेष्ठा पर भद्दे कमेंट करने शुरू कर दिए.
सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग पर श्रेष्ठा अय्यर ने सामने आकर हेटर्स को लताड़ लगाई है. साथ ही उन्होंने हेटर्स से रीक्वेस्ट की है कि वो उनके करीबियों को निशाना न बनाएं. श्रेष्ठा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर दो पार्ट में वीडियो शेयर किया है और पुराने वायरल वीडियो क्लिप पर अपनी सफाई दी है.
क्या बोलीं श्रेष्ठा?
श्रेष्ठा बोलीं- जो वीडियो मैंने पहले बनाया था, आप लोगों ने उसे बहुत ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है, जबकि वो रील सिर्फ एक मजाक में बनाई थी. मैं किसी को ट्रोल नहीं कर रही थी, उस मजाक के पीछे मेरा कोई गलत इरादा नहीं था. मैं किसी के खिलाफ नफरत नहीं फैला रही थी. मैं हर क्रिकेटर की इज्जत करती हूं, क्योंकि मेरा भाई भी एक क्रिकेटर है.
श्रेष्ठा ने बताया कि उन्हें उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने ये भी बताया कि उन्हें मिलने वाली नफरत सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके वर्कप्लेस और उनसे जुड़े लोगों को भी इसमें घसीटा जा रहा है.
श्रेष्ठा बोलीं- मुझे आप लोगों पर तरस आता है. आप लोग मेरे वर्कप्लेस पर फोन कर रहे हैं. मेरे कलीग्स, मेरे स्टूडेंट्स और मेरे परिवार को गालियां दे रहे हैं. उन्हें परेशान कर रहे हैं और किसी भी वक्त फोन कर रहे हैं. श्रेष्ठा ने कहा कि इन सब चीजों में उनके परिवार को घसीटना काफी गलत है. वो इसे एक्सेप्ट नहीं करेंगी.
श्रेष्ठा ने आगे कहा- अगर आप मुझसे नफरत करना चाहते हैं, तो प्लीज ऐसा करना जारी रखें, लेकिन मुझसे जुड़े लोगों को परेशान करना बंद करें. मैं यहां यह बताने के लिए नहीं बैठी हूं, कि क्या सही है और क्या गलत. मैं अपने भाई की खुशियां मनाऊंगी. चाहे वो जीते या हारे, मैं हमेशा उसके साथ खड़ी रहूंगी और उसका जश्न मनाऊंगी.
बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब किसी क्रिकेटर के परिवार को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया है. इससे पहले भी कई क्रिकेटर्स के फैमिली मेंबर्स इसका निशाना बने हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क