34 स्टार्स, 900 लोग और 50 वैनिटी वैन, सिरदर्द बनी 'वेलकम टू द जंगल' की शूटिंग! बोले डायरेक्टर

Welcome To The Jungle की शूटिंग किसी फिल्म से कम, मेगा इवेंट से ज्यादा थी. डायरेक्टर अहमद खान ने खुलासा किया कि सेट पर रोज 700 से 900 लोग मौजूद रहते थे. साथ ही 34 स्टार्स, 50 वैनिटी वैन और सैकड़ों गाड़ियों को संभालना बड़ा चैलेंज था.

Advertisement
'वेलकम टू द जंगल' के सेट पर लगता था मेला (Photo: Screengrab) 'वेलकम टू द जंगल' के सेट पर लगता था मेला (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:36 PM IST

अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म वेलकम टू द जंगल इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है. फिल्म में जहां एक तरफ 34 कलाकारों की लंबी फौज नजर आने वाली है, वहीं दूसरी तरफ इसकी शूटिंग को संभालना डायरेक्टर अहमद खान के लिए किसी बड़े चैलेंज से कम नहीं था.

हाल ही में अहमद खान ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए. उन्होंने बताया कि सेट पर हालात ऐसे होते थे कि फिल्म की शूटिंग कम और किसी बड़े म्यूजिक कॉन्सर्ट का मैनेजमेंट ज्यादा लगता था.

Advertisement

सेट पर रोज जुटते थे 700 से 900 लोग

अहमद खान ने बताया कि दर्शकों को स्क्रीन पर सिर्फ 34 कलाकार नजर आएंगे, लेकिन पर्दे के पीछे की तस्वीर बिल्कुल अलग थी. उन्होंने कहा- हर स्टार के साथ उनकी टीम होती है. आमतौर पर एक कलाकार के साथ 4-5 लोग रहते हैं. ऐसे में सिर्फ कलाकारों और उनकी टीमों को मिलाकर करीब 150 लोग हो जाते थे. इसके अलावा 200 क्रू मेंबर्स, स्टंट टीम, घुड़सवार और 150-200 बैकग्राउंड डांसर भी मौजूद रहते थे.

डायरेक्टर ने आगे कहा कि- कई दिनों में सेट पर 700 से 900 लोग मौजूद होते थे. ऐसे में शूटिंग संभालना किसी फिल्म से ज्यादा एक विशाल म्यूजिक कॉन्सर्ट को मैनेज करने जैसा था. 

50 वैनिटी वैन पार्क करने के लिए चाहिए थे दो बड़े मैदान

अहमद खान ने बताया कि सबसे बड़ी परेशानी इतनी बड़ी टीम के लिए जगह का इंतजाम करना था. उन्होंने कहा- हमें सिर्फ एक मैदान नहीं, बल्कि दो बड़े-बड़े मैदान चाहिए थे. वजह थी 50 वैनिटी वैन पार्क करना. इसके अलावा जूनियर आर्टिस्ट्स के लिए अलग जगह, मेकअप रूम, यूनिट केबिन और बाकी इंतजाम भी करने पड़ते थे.

Advertisement

डायरेक्टर ने बताया कि रोजाना 200 से 250 गाड़ियां सेट पर आती थीं. कलाकार, टेक्नीशियन, मेकअप आर्टिस्ट, हेयर स्टाइलिस्ट और पर्सनल स्टाफ- सबके लिए अलग-अलग गाड़ियां होती थी.

34 कलाकारों की डेट्स मिलाना था सबसे बड़ा सिरदर्द

अहमद खान ने बताया कि शूटिंग शुरू करने से पहले उन्होंने अपने ऑफिस में एक बड़ा चार्ट बोर्ड लगवाया था, जिस पर सभी कलाकारों की तस्वीरें लगी हुई थीं. उन्होंने कहा- मुझे हर दिन सामने देखकर याद रखना पड़ता था कि सेट पर कितने लोग आने वाले हैं. किसी कलाकार से 5 दिन और किसी से 8 दिन की डेट्स लेना किसी जिगसॉ पजल को सुलझाने जैसा था.

उन्होंने कहा- हमने सभी कलाकारों की डेट्स को बड़ी सावधानी से इकट्ठा किया और उसी हिसाब से सीन प्लान किए. अहमद खान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि कई बार कलाकारों की संख्या इतनी ज्यादा होती थी कि टीम ही भूल जाती थी कि कौन-सा एक्टर आज शूटिंग पर आने वाला था और कौन नहीं.

उन्होंने कहा- हम मजाक में कहते थे कि आज बहुत आराम वाला दिन है, क्योंकि सेट पर सिर्फ 15 कलाकार हैं. जबकि 15 कलाकार तो किसी आम फिल्म की पूरी स्टारकास्ट होती है.

स्टार्स के ईगो भी संभालने पड़ते थे

अहमद खान ने पिछले साल एक इंटरव्यू में माना था कि इतने सारे कलाकारों के साथ काम करते समय सिर्फ शूटिंग ही नहीं, बल्कि सबकी भावनाएं और ईगो भी संभालने पड़ते हैं.

Advertisement

उन्होंने कहा- ये आसान काम नहीं है. हर कलाकार की डेट्स, डायलॉग्स, पर्सनल जरूरतें और ईगो का भी ध्यान रखना पड़ता है. आजकल फिल्ममेकिंग सिर्फ 'एक्शन' और 'कट' तक सीमित नहीं है. अहमद ने हंसते हुए कहा कि आज के दौर में फिल्म बनाने के लिए सभी को साथ लेकर चलना पड़ता है.

वेलकम टू द जंगल में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, तुषार कपूर, आफताब शिवदासानी, दिशा पाटनी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, कीकू शारदा, कृष्णा अभिषेक, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, फरीदा जलाल, दलेर मेहंदी, मीका सिंह, उर्वशी रौतेला, यशपाल शर्मा, श्रेयस तलपड़े, विंदू दारा सिंह और दिवंगत पंकज धीर समेत कई कलाकार नजर आएंगे.

फिल्म 26 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. अब देखना दिलचस्प होगा कि इतनी बड़ी स्टारकास्ट वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »