असम, केरलम और पुडुचेरी में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग संपन्न हुई. शाम 6 बजे तक पुडुचेरी में 89.87 फीसदी, असम में 85.91 फीसदी और केरलम में 78.27 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. तीनों जगह बंपर वोटिंग हुई और अब सभी EVM मशीनें सील कर दी गई हैं.
सुबह से ही तीनों राज्यों के मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लग गई थीं. महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी तादाद में वोट डालने निकले. पुडुचेरी में रिकॉर्ड स्तर पर मतदान हुआ. वहां के नेता और कार्यकर्ता काफी खुश नजर आए. असम में भी मतदाताओं का उत्साह साफ दिखा. केरलम में पिछले कुछ चुनावों की तुलना में थोड़ा कम रहा लेकिन इसे ठीक-ठाक माना जा रहा है.
असम की बात करें तो 2021 के विधानसभा चुनाव में 82.42 फीसदी मतदान हुआ था. असम का सबसे ज्यादा मतदान 2016 में 84.67 फीसदी हुआ था. वहीं, केरलम में पिछले विधानसभा यानी 2021 के विधानसभा चुनाव में 76 फीसदी मतदान हुआ था. इस बार मामूली बढ़ोतरी हुई है. वहीं, पुडुचेरी में 2021 के चुनाव में 83.42 फीसदी वोटिंग हुई थी. पुडुचेरी का सबसे ज्यादा मतदान 2011 में 86.19 फीसदी हुआ था.
असम में हिंसा की खबर भी आई
असम में वोटिंग के दौरान कुछ जगहों पर हिंसा हुई जिसमें करीब 30 लोग घायल हुए और 7 गिरफ्तार किए गए. सबसे बड़ी घटना श्रीभूमि जिले के पथरकंडी में हुई जहां कांग्रेस प्रत्याशी ने एक बूथ पर पहुंचकर EVM तोड़ दी, जिसके बाद कांग्रेस और BJP समर्थकों के बीच मारपीट हुई और करीब 25 लोग घायल हो गए.
उस बूथ पर करीब तीन घंटे वोटिंग रोकनी पड़ी. इसके अलावा दिब्रूगढ़ में असम जातीय परिषद (AJP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) समर्थकों के बीच भी झड़प हुई. बुधवार रात यानी वोटिंग से पहले तामुलपुर और शिवसागर में भी हिंसा की घटनाएं हुईं जिनमें पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी.
यह भी पढ़ें: मल्लिकार्जुन खड़गे चुनावों के दौरान अपने बयानों से विवाद क्यों खड़ा कर देते हैं?
सुरक्षा का क्या इंतजाम था?
चुनाव आयोग ने हर बूथ पर पर्याप्त पुलिस तैनात की थी. CCTV कैमरों और वेबकास्टिंग से पूरी नजर रखी गई. जहां भी गड़बड़ी हुई, पुलिस तुरंत पहुंची और हालात काबू में किए.
अब आगे क्या होगा?
वोटिंग खत्म होने के बाद सभी EVM मशीनें सील कर दी गई हैं. वोटों की गिनती 4 मई को सुबह 8 बजे से होगी और उसी दिन नतीजे भी आ जाएंगे. तीनों राज्यों की जनता ने अपना फैसला EVM में बंद कर दिया है, अब सभी पार्टियां नतीजों का इंतजार करेंगी.
aajtak.in