बीता सप्ताह शेयर बाजार के लिए मिला-जुला रहा. सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में से छह कंपनियों ने उथल-पुथल के बीच भी कमाई करते हुए निवेशकों को फायदा कराया, तो वहीं 4 कंपनियों को तगड़ा घाटा हुआ. पांच कारोबारी दिनों में सबसे ज्यादा फायदे में मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के निवेशक रहे, जिनकी दौलत में ताबड़तोड़ 24000 करोड़ रुपये से ज्यादा का उछाल आया है. इस दौरान BSE Sensex 177 अंकों की बढ़त में रहा.
रिलायंस का दबदबा कायम
सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज पिछले सप्ताह सबसे आगे रही. इसके अलावा ICICI Bank, TCS, LT, Bajaj Finance, LIC ने भी कमाई की. वहीं दूसरी ओर HDFC Bank, Bharti Airtel, SBI, HUL के निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा.
रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैपिटलाइजेशन बीते सप्ताह उछलकर 18.33 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया और इस हिसाब से अंबानी की कंपनी के निवेशकों ने महज पांच दिन में ही 24,697 करोड़ रुपये की मोटी रकम छाप डाली. शेयर की बात करें, तो इस दौरान Reliance Share करीब 2.50 फीसदी की तेजी लेकर 1358 रुपये पर क्लोज हुआ.
कमाई कराने वाली कंपनियां
रिलायंस के अलावा टाटा ग्रुप की टीसीएस की मार्केट वैल्यू (TCS Market Value) में 19,339 करोड़ रुपये का उछाल दर्ज किया गया और ये बढ़कर 8.38 लाख करोड़ रुपये पर जा पहुंची. इसके अलावा ICICI Bank Market Cap 14,516 करोड़ रुपये के इजाफे के साथ 9.07 लाख करोड़ रुपये हो गया.
अन्य कंपनियों में LIC Market Cap 9,076 करोड़ रुपये बढ़कर 5.14 लाख करोड़ रुपये, जबकि Bajaj Finance Market Cap 3,798 करोड़ रुपये की उछाल के साथ 5.70 लाख करोड़ रुपये हो गया. इसके अलावा इसके अलावा LT MCap 2,686 करोड़ रुपये बढ़कर 5.40 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
इन 4 कंपनियों ने डुबोया पैसा
जहां छह सेंसेक्स फर्मों ने मार्केट के उतार-चढ़ाव के बीच अपने निवेशकों को फायदा कराया, तो चार कंपनियां ऐसी रहीं, जिनके शेयरों में पैसे लगाने वालों को झटका लगा है. इनमें Bharti Airtel के निवेशकों के 20,230 करोड़ रुपये पांच दिन में स्वाहा हो गए और इसका मार्केट कैपिटल गिरकर 11.40 लाख करोड़ रुपये रह गया.
इसके अलावा HUL Market Cap में 16,212 करोड़ रुपये की कमी आई और ये कम होकर 5.17 लाख करोड़ रुपये, देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI की मार्केट वैल्यू 12,784 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 8.76 लाख करोड़ रुपये और HDFC Bank Market Cap 2,094 करोड़ रुपये फिसलकर 11.80 लाख करोड़ रुपये पर आ गया.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क