फंड मैनेज करने वाली कंपनी आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड के शेयरों में आज कुछ ट्रेडिंग ऐप्स पर 50 प्रतिशत तक की गिरावट देखी जा रही है, क्योंकि कॉर्पोरेट एक्शन के अनुसार इसके सभी शेयर एक्स-बोनस हो गए हैं. कंपनी ने स्टॉक होल्डर्स के लिए 1:1 रेशियो में बोनस शेयर जारी करने का ऐलान किया था, जो आज लागू हो गए.
इसी कारण, कुछ ऐप्स पर 50 फीसदी की गिरावट दिख रही है. हालांकि इससे आपके निवेश किए गए अमाउंट पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा. सिर्फ 1 शेयर के बदले आपके पास अब 2 शेयर हो जाएंगे. आनंद राठी वेल्थ ने 5 रुपये प्रति शेयर के फेस वैल्यू वाले 8,30,20,634 बोनस शेयर जारी करने का ऐलान किया था, जिसके लिए रिकॉर्ड डेट बुधवार, 3 जून, 2026 तय की गई थी. कंपनी ने गुरुवार, 4 जून को आवंटन की संभावित डेट घोषित की और बोनस शेयरों की प्रभावी लिस्ट शुक्रवार, 5 जून को किया जाएगा.
आनंद राठी वेल्थ ने रिकॉर्ड डेट पर रखे गए हर शेयर (जिसका फेस वैल्यू 5 रुपये है) के बदले 5 रुपये फेस वैल्यू का एक शेयर जारी किया है. केवल वे स्टॉकहोल्डर्स, जो रिकॉर्ड डेट पर शेयर रखते हैं, आनंद राठी वेल्थ के बोनस शेयर प्राप्त करने के पात्र होंगे. डीमर्जर डेट के बाद शेयर खरीदने वाले निवेशक पात्र नहीं माने जाएंगे.
इससे पहले कब जारी हुआ था बोनस
आनंद राठी वेल्थ के शेयर मंगलवा को 3,540.55 रुपये पर बंद हुए और बुधवार, 3 जून को 1:1 बोनस के बाद 1,770.35 रुपये पर खुले. संभव है कि कुछ ब्रोकरेज फर्मों के ट्रेडिंग ऐप कल के शेयर प्राइस केा दिखा रहे हों, जिससे शेयर में करीब 50 प्रतिशत की गिरावट का संकेत मिल रहा हो. इससे पहले, मार्च 2025 में स्टॉक ने बोनस 1:1 अनुपात में जारी किया था.
बोनस के बाद शेयर में आई तेजी
बोनस इश्यू के बाद, बुधवार को आनंद राठी वेल्थ के शेयर 2.82 प्रतिशत बढ़कर 1,820.40 रुपये पर पहुंच गए, जिससे इसका कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 30,000 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया. पिछले एक वर्ष में शेयर में लगभग 88 प्रतिशत की तेजी दिखी है.
गौरतलब है कि 31 मार्च, 2026 तक कंपनी में प्रमोटरों की 43.11 प्रतिशत हिस्सेदारी थी, जबकि पब्लिक सेक्टर के निवेशकों की 56.89 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों समेत घरेलू संस्थानों की 9.10 प्रतिशत हिस्सेदारी थी, जबकि विदेशी निवेशकों की 5.78 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 61,000 से अधिक खुदरा निवेशकों के पास कंपनी की लगभग 32.18 प्रतिशत हिस्सेदारी थी.
कहां तक जा सकता है ये शेयर?
बर्नस्टीन ने इस शेयर को 'मार्केट-परफॉर्म' रेटिंग दी है और इसका लक्ष्य मूल्य 3,280 रुपये तय किया है, जबकि मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने इसे 'न्यूट्रल' रेटिंग दी है और इसका लक्ष्य मूल्य 3,100 रुपये तय किया है. वेंचुरा सिक्योरिटीज ने इस शेयर का लक्ष्य मूल्य 3,217 रुपये रखा है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क