बिहार में वैशाली के महनार बाजार में मोहर्रम से पहले डीजे जब्त करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हिंसक हमला कर दिया. उग्र लोगों ने थानाध्यक्ष और दारोगा समेत पुलिस जवानों की जमकर पिटाई कर दी. जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं भीड़ पुलिस से डीजे छुड़ाकर फरार हो गई. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव बना हुआ है.
घटना महनार थाना क्षेत्र के महनार बाजार स्थित मिडिल स्कूल के पास की है. बताया गया कि मोहर्रम को लेकर प्रशासन ने डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया है. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बाजार में डीजे ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वेदानंद, सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय और पुलिस बल मौके पर पहुंचे व कार्रवाई करते हुए डीजे जब्त कर लिया.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की कार्रवाई के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. उपद्रवियों ने थानाध्यक्ष और दारोगा के साथ मारपीट की. हमले में सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि उन्हें जमीन पर पटक कर पीटा गया. हमले में दो अन्य पुलिस जवान भी घायल हुए हैं.
घटना के दौरान अफरा-तफरी का फायदा उठाकर भीड़ पुलिस की गिरफ्त से जब्त किए गए दोनों डीजे भी छुड़ाकर फरार हो गई. घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों और अन्य जवानों की मदद से महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस हमलावरों की पहचान में जुट गई है.
घायल दारोगा अनिल पांडेय ने बताया कि महनार बाजार के मिडिल स्कूल के पास डीजे बज रहा था. उसे जब्त करने का आदेश मिला था. हमने डीजे जब्त किया, तभी भारी संख्या में लोग पहुंच गए. जब वीडियो बनाने लगे तो लोगों ने हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी. पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
(इनपुट- विकास कुमार)
aajtak.in