पटना: IGIMS में MBBS छात्र से मारपीट, OPD अटेंडेंट ने गार्डों के साथ मिलकर पीटा- VIDEO

पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में एमबीबीएस छात्र सुधीर कुमार के साथ मेडिकल अटेंडेंट द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है. न्यूरो सर्जरी ओपीडी के बाहर हुई इस घटना का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद मेडिकल छात्रों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। छात्र ने गार्डों पर भी मारपीट का आरोप लगाया है.

Advertisement
एमबीबीएस स्टूडेंट की पिटाई से छात्रों में आक्रोश. (Photo: Screengrabs) एमबीबीएस स्टूडेंट की पिटाई से छात्रों में आक्रोश. (Photo: Screengrabs)

सुजीत कुमार

  • पटना,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:35 PM IST

पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में एक एमबीबीएस छात्र के साथ मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. न्यूरो सर्जरी ओपीडी के बाहर मेडिकल अटेंडेंट द्वारा छात्र की पिटाई का CCTV वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला. घटना के विरोध में छात्रों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन और हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी.

Advertisement

पिटाई की घटना सीसीटीवी में हुई कैद
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार की है. एमबीबीएस छात्र सुधीर कुमार अपने एक परिजन को इलाज के लिए IGIMS के न्यूरो सर्जरी विभाग की ओपीडी में लेकर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि मरीज की तबीयत काफी खराब थी और लंबी प्रतीक्षा के कारण सुधीर कुमार ने वहां मौजूद मेडिकल अटेंडेंट सुरेंद्र कुमार दास से जल्द अपॉइंटमेंट दिलाने की गुजारिश की. इस दौरान उन्होंने खुद को IGIMS का एमबीबीएस छात्र भी बताया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मेडिकल अटेंडेंट ने छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी. घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में छात्र और अटेंडेंट के बीच धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है.

Advertisement

घटना के बाद छात्र सुधीर कुमार ने आरोप लगाया कि मेडिकल अटेंडेंट के साथ-साथ अस्पताल के कुछ गार्डों ने भी उनके साथ मारपीट की. उन्होंने कहा कि वह अपने बीमार परिजन को लेकर परेशान थे और केवल जल्दी इलाज की मांग कर रहे थे, लेकिन उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया.

पिटाई से भड़के छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन
इस घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के छात्र भड़क गए और उन्होंने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. करीब दो घंटे तक छात्रों ने हंगामा किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि अगर एक मेडिकल छात्र के साथ अस्पताल परिसर में इस तरह की घटना हो सकती है तो आम मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है.

स्थिति बिगड़ती देख शास्त्रीनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और मामले की जांच का भरोसा दिया. वहीं IGIMS प्रशासन ने भी मामले को गंभीर बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल खड़े हो रहे हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »