दिल्ली होटल के बाद अब बिहार के हॉस्पिटल में भीषण आग, ICU में भरा धुआं

मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में ICU वार्ड में लगी भीषण आग में 3 मरीजों की मौत हो गई. आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और जहरीला धुआं फैल गया. 20 घायल मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

Advertisement
अस्पताल के आईसीयू में आग लगी. (Photo- ITG) अस्पताल के आईसीयू में आग लगी. (Photo- ITG)

मणि भूषण शर्मा

  • पटना,
  • 04 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:31 AM IST

दिल्ली के मालवीय नगर के होटल के बाद अब बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई. इस हादसे में अब तक 3 मरीजों की मौत हो चुकी है. रेस्क्यू किए गए कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा में स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में तड़के सुबह भीषण आग लगने से पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. ये आग अस्पताल के 5वीं मंजिल पर स्थित आईसीयू (ICU) वार्ड में लगी थी. इसके बाद देखते ही देखते पूरे अस्पताल में जहरीला धुआं भर गया.

Advertisement

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. इस हादसे में 20 से ज्यादा मरीज घायल हुए हैं जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. बचाए गए मरीजों में कई की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है.

(Photo- ITGD)


सुबह 3 बजे भड़की आग, मौके पर पहुंचीं 12 गाड़ियां

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया. दमकल कर्मियों ने आईसीयू और अस्पताल के दूसरे वार्डों में फंसे मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला. 

(Photo- ITGD)

सभी को तुरंत दूसरे सुरक्षित स्थानों और अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है. अग्निशमन पदाधिकारी आर.एन. पांडेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, हमें सुबह करीब 3 बजे अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली थी. जब हमारी टीम मौके पर पहुंची, तो स्थिति बेहद खराब थी. पूरा आईसीयू वार्ड घने और काले धुएं से भरा हुआ था. अधिकारी ने आगे बताया कि राहत की बात ये है कि 20 से ज्यादा मरीजों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है.

Advertisement

अस्पताल स्टाफ पर भागने का आरोप

इस हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. मौके पर मौजूद मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर संवेदनहीन होने के आरोप लगाए हैं. एक पीड़ित परिजन ने रोते हुए बताया कि उनके पिता आईसीयू में भर्ती थे. इस हादसे में उनकी जान चली गई.

यह भी पढ़ें: ICU में जलते मरीजों को छोड़कर भाग गए अस्पताल वाले, मुजफ्फरपुर अग्निकांड में बड़ा खुलासा

परिजन का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर और सभी कर्मचारी मरीजों को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गए. यहां तक कि अस्पताल प्रशासन ने मृत मरीजों के शव तक परिजनों को मुहैया नहीं कराए. अग्निशमन अधिकारी ने भी पुष्टि की है कि जब उनकी टीम पहुंची, तो अस्पताल का ज्यादातर स्टाफ वहां से गायब था.

जिलाधिकारी सुब्रत सेन ने फिलहाल तीन मौतों की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि आगे सभी तरह की जांच कराई जा रही है और मौतों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »