अमेरिका में जारी सरकारी कामकाज की बंदी के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है. ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर कांग्रेस के डेमोक्रेट्स 'होमलैंड सिक्योरिटी विभाग' (DHS) को फंड देने पर तुरंत सहमत नहीं होते, तो वो एयरपोर्ट पर संघीय आव्रजन एजेंटों (ICE) को तैनात करेंगे.
ट्रंप ने अपने 'ट्रुथ सोशल' पोस्ट में लिखा, 'मैं अपने शानदार और देशभक्त ICE एजेंटों को एयरपोर्ट पर भेजूंगा, जहां वो ऐसी सुरक्षा करेंगे जो पहले कभी किसी ने नहीं देखी होगी. ट्रंप ने बताया कि ये एजेंट एयरपोर्ट पर अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों को गिरफ्तार करेंगे.
ट्रंप विशेष रूप से सोमालिया के नागरिकों को निशाना बनाने की बात कही है. एक दूसरे पोस्ट में ट्रंप ने ICE एजेंटों को "तैयार रहने" के लिए कहा है. उन्होंने लिखा, "मैं सोमवार को ICE को तैनात करने के लिए एक्साइटेड हूं... अब और इंतजार नहीं, अब और खेल नहीं.
दरअसल फंड की कमी और वेतन न मिलने की वजह से एयरपोर्ट पर संकट बढ़ गया है. 'परिवहन सुरक्षा प्रशासन' (TSA) के कर्मचारी बिना वेतन काम करने को मजबूर हैं, जिसकी वजह से कई लोग नौकरी छोड़ रहे हैं या बीमार होने की बात कहकर छुट्टी ले रहे हैं. अटलांटा और ह्यूस्टन जैसे बड़े एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के लिए लंबी लाइनें लग रही हैं.
यह भी पढ़ें: क्या NATO स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में उतरने जा रहा है? चीफ ने ट्रंप पर बात करते हुए दिए अहम संकेत
परिवहन सचिव सीन डफी ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समझौता नहीं हुआ, तो स्थिति और भी खराब हो जाएगी और छोटे एयरपोर्ट पूरी तरह बंद हो सकते हैं.
एलन मस्क की बड़ी पेशकश
इस संकट के बीच पूर्व ट्रंप सलाहकार एलन मस्क ने शटडाउन के दौरान टीएसए (TSA) कर्मचारियों का वेतन देने की मदद की पेशकश की है. मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, मैं इस फंडिंग गतिरोध के दौरान टीएसए कर्मियों के वेतन देने की पेशकश करना चाहता हूं, जो देश भर के एयरपोर्ट पर इतने सारे अमेरिकियों की जिंदगी को नकारात्मक तौर पर प्रभावित कर रहा है.
हालांकि, व्हाइट हाउस और डीएचएस (DHS) ने इस पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है. सीनेट में शनिवार और रविवार को भी विधायी मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन फंडिंग प्रस्ताव पर वोटिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. डेमोक्रेट्स फंडिंग जारी करने के बदले आव्रजन प्रवर्तन के तरीकों में बदलाव की मांग कर रहे हैं.
aajtak.in