रूस ने दिया सस्ते तेल का ऑफर! अगले दिन पाकिस्तान बोला, 'हमारे पास पर्याप्त डीजल-पेट्रोल'

ईरान युद्ध के कारण वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता है. इस अस्थिरता के बीच पाकिस्तान ने कहा है कि उसके यहां पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल का स्टॉक है. पाकिस्तान के इस बयान से ठीक एक दिन पहले रूस ने पाकिस्तान को सस्ते तेल का ऑफर दिया था.

Advertisement
रूस के तेल के ऑफर के बाद पाकिस्तान ने कहा है कि उसकी ऊर्जा सप्लाई स्थिर है रूस के तेल के ऑफर के बाद पाकिस्तान ने कहा है कि उसकी ऊर्जा सप्लाई स्थिर है

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:32 PM IST

ईरान जंग के बीच जहां तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं, वहीं रूस ने मंगलवार के दिन पाकिस्तान को सस्ते कच्चे तेल का ऑफर दिया है. रूस ने हालांकि, ये शर्त रखी कि इसके लिए पाकिस्तान को पहल करनी होगी और रूस से तेल के लिए अनुरोध करना होगा. रूसी प्रस्ताव के सामने आने के ठीक अगले ही दिन पाकिस्तान की तरफ से बयान आया है कि तेल बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद, पाकिस्तान में ईंधन की सप्लाई स्थिर बनी हुई है.

Advertisement

पाकिस्तानी वित्त मंत्रालय के अनुसार, वैश्विक तेल बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बावजूद पाकिस्तान में ईंधन की आपूर्ति स्थिर बनी हुई है. मंत्रालय ने X पर एक पोस्ट में बताया कि पेट्रोल की कीमतों पर नजर रखने वाली समिति ने अपनी दैनिक बैठक में ताजा स्टॉक की स्थिति और सप्लाई के अनुमान की समीक्षा की. समिति की अध्यक्षता वित्त मंत्री सीनेटर मोहम्मद औरंगजेब कर रहे हैं.

पाकिस्तानी वित्त मंत्रालय ने कहा, 'डीजल का मौजूदा भंडार लगभग 24 दिनों की जरूरत को पूरा करने के लिए काफी है, जबकि पेट्रोल भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. सही मात्रा में आयात हो रहा है और रिफाइनरियां पूरी तरह अपना काम कर रही हैं जिससे सप्लाई स्थिर है. आने वाली कच्चे तेल की खेप और रास्ते में मौजूद अतिरिक्त कार्गो से पाकिस्तान का भंडार और मजबूत होने की उम्मीद है.'

Advertisement

मंत्रालय ने आगे कहा, 'समिति ने अंतरराष्ट्रीय पेट्रोलियम बाजार में जारी तंगी पर भी ध्यान दिया, जहां प्रीमियम और कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है. आयात को बनाए रखने के लिए स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान और वित्तीय संस्थानों के साथ सहयोग को बढ़ाया जा रहा है ताकि बढ़ती फाइनेंसिंग जरूरतों को पूरा किया जा सके.'

मंत्रालय के मुताबिक, 'पूरी सप्लाई चेन पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि जमाखोरी को रोका जा सके और देशभर में तेल-गैस आसानी से पहुंच सके, खासकर ईद और फसल कटाई के मौसम से पहले. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि डिपो चालू रहेंगे और ईंधन की उपलब्धता में किसी तरह की रुकावट की आशंका नहीं है.'

रूस ने पाकिस्तान को दिया है सस्ते तेल का ऑफर

पाकिस्तान में रूस के राजदूत अल्बर्ट खोरेव ने कहा कि रूस रियायती दरों पर पाकिस्तान को तेल देने के लिए तैयार है और पाकिस्तान को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए.

मंगलवार को इस्लामाबाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह पेशकश की, लेकिन साथ ही यह भी साफ किया कि रूस तभी सस्ता तेल उपलब्ध करा सकता है जब पाकिस्तान औपचारिक रूप से संपर्क करे.

हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि इस दिशा में अभी तक पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक पहल नहीं हुई है. उन्होंने कहा, 'तेल लेना है तो पाकिस्तान को खुद आगे आना होगा'

Advertisement

दुनिया की अन्य अर्थव्यवस्थाओं की तरह पाकिस्तान भी बढ़ती तेल और गैस कीमतों की मार झेल रहा है. ईरान ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में वैश्विक तेल सप्लाई के अहम रास्ते होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया है.

इसका असर पहले से आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान पर और ज्यादा पड़ा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि पाकिस्तान को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करनी पड़ी है. इसकी वजह से आर्थिक परेशानी झेल रही पाकिस्तान की गरीब जनता के लिए दो वक्त की रोटी जुटा पाना भी मुश्किल हो रहा है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement