न्यूयॉर्क के व्यस्त ला ग्वार्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार को एक विमान हादसा हो गया. एयर कनाडा का एक यात्री विमान रनवे पर एक फायर ट्रक से टकरा गया. इस हादसे में पायलट और को-पायलट की मौत हो गई. अब इस हादसे से ठीक पहले का एक ऑडियो सामने आया है.
मॉन्ट्रियल ट्रूडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आए एयर कनाडा के विमान (फ्लाइट 8646) में लगभग 100 लोग सवार थे. फ्लाइटट्रैडर24 के आंकड़ों के मुताबिक, टक्कर के समय विमान लगभग 39 किलोमीटर प्रति घंटा (24 मील प्रति घंटा) की रफ्तार से चल रहा था.
हादसे से ठीक पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और पायलटों के बीच हुई बातचीत का एक दर्दनाक ऑडियो सामने आया है. इसमें कंट्रोलर को चिल्लाते हुए सुना जा सकता है. वो चेतावनी देते हुए कहता है, 'रुको, रुको, रुको! ट्रक 1.'
उसी दौरान विमान को खतरे से बचाने की कोशिश की गई. डेल्टा एयरलाइंस के विमान को तुरंत लैंडिंग रद्द करने का निर्देश दिया गया. टक्कर के कुछ ही पलों बाद कंट्रोलर ने कहा, 'डेल्टा 2603, चक्कर लगाएं, रनवे हेडिंग 2000. मैं देख रहा हूं कि आप एक गाड़ी से टकरा गए हैं, बस अपनी स्थिति बनाए रखें.'
यह भी पढ़ें: न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा: एयर कनाडा का विमान फायर ट्रक से टकराया, 2 की मौत
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में विमान के अगले हिस्सेको भारी नुकसान पहुंचता दिख रहा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फायर ट्रक में सवार दो लोगों के हाथ-पैर टूट गए हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है.
हादसे के तुरंत बाद ला ग्वार्डिया एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद कर दिया गया. आने वाली उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया है. न्यूयॉर्क सिटी इमरजेंसी मैनेजमेंट ने कहा है कि लोग मानकर चलें कि उड़ानें कैंसिल हो सकती हैं, सड़कें बंद रह सकती हैं और ट्रैफिक जाम भी हो सकता है.
aajtak.in