हिजबुल्लाह की संसदीय शाखा के प्रमुख मोहम्मद राद की मौत लेबनान और बेरूत में हुए आईडीएफ के हवाई हमलों में हुई है. यह हमला सोमवार की सुबह अंजाम दिया गया. सऊदी न्यूज़ आउटलेट अल-हदथ की रिपोर्ट के मुताबिक, हिज़्बुल्लाह के पार्लियामेंट्री ग्रुप के हेड, मोहम्मद राद, लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर IDF के हमलों के दौरान मारे गए. लेबनान पर इज़रायली हमलों में अब तक 31 लोग मारे गए हैं और 149 घायल हुए हैं.
आईडीएफ ने यह कार्रवाई हिजबुल्लाह द्वारा उत्तरी इज़रायल की तरफ प्रोजेक्टाइल दागे जाने के जवाब में की है. आईडीएफ ने बेरूत और दक्षिणी लेबनान में कई हिजबुल्लाह लड़ाकुओं को निशाना बनाने की बात स्वीकार की है. हालांकि, आईडीएफ ने फिलहाल किसी का नाम आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया है.
आईडीएफ की जवाबी कार्रवाई
इजरायली सेना ने कहा है कि उसने बेरूत और दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर सटीक हमले किए हैं. ये हमले हिजबुल्लाह द्वारा रात भर उत्तरी इज़रायल की ओर दागे गए कई प्रोजेक्टाइल के जवाब में किए गए थे. आईडीएफ ने अपने बयान में कहा है कि उन्होंने बेरूत में कई आतंकियों को मार गिराया है.
हिज्बुल्लाह के हमले पर लेबनान के प्रेसिडेंट क्या बोले?
सोमवार को एक बयान में, प्रेसिडेंट जोसेफ़ आउन ने कहा कि लेबनान से हिज़्बुल्लाह के रॉकेट लॉन्च लेबनान सरकार की उन सभी कोशिशों और कोशिशों को टारगेट करते हैं, जो लेबनान को इस इलाके में हो रहे खतरनाक मिलिट्री टकरावों से दूर रखने के लिए की जा रही हैं.
उन्होंने आगे कहा कि लेबनान पर इज़रायली हमलों की निंदा की जाती है, लेकिन लेबनान को एक बार फिर प्रॉक्सी वॉर के लिए एक प्लेटफॉर्म के तौर पर इस्तेमाल करना, जिसमें हमारा कोई हाथ नहीं है, हमारे देश को एक बार फिर खतरे में डाल देगा.
aajtak.in