ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर लाइव ब्रॉडकास्ट के दौरान टीवी एंकर ने स्टूडियो में ही UAE के राष्ट्रीय झंडे पर गोली चला दी. इस दौरान स्टूडियो में एक हथियारों का ट्रेनर भी मौजूद था, जिससे एंकर बातचीत कर रहा था. 15 मई ईरान के 'ओफोग' चैनल पर प्रसारित एक कार्यक्रम के दौरान ये घटना हुई.
सामने आए वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि स्टूडियो में हथियारों को संभालने का एक ट्रेनिंग सेशन चल रहा था. इस दौरान मिलिट्री स्टाइल कपड़ों में मौजूद एक नकाबपोश ट्रेनर ने टीवी एंकर को AK-47 को लोड करने और उसे चलाने का तरीका सिखाया.
इसके ठीक बाद एंकर ने यूएई के झंडे को निशाना बनाते हुए गोली दाग दी. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीवी एंकरों के हथियार चलाने के ये वीडियो असल में एक देशव्यापी अभियान से जुड़े हैं. इस अभियान का नाम 'ईरान के लिए जान की बाजी' रखा गया है.
ईरानी प्रेजेंटर और ट्रेनर के बीच की बातचीत
प्रेजेंटर: मैं तैयार हूं.
ट्रेनर: अपनी नजर को एक सीध में करो.
प्रेजेंटर: हां. मुझे UAE के झंडे पर निशाना लगाने दो.
ट्रेनर: बहुत बढ़िया.
प्रेजेंटर: ठीक है.
ट्रेनर: अपनी नजर को एक सीध में करो. अपनी सांस रोको. अल्लाह के नाम पर.
प्रेजेंटर: अल्लाह के नाम पर.
ट्रेनर: फायर करो.
प्रेजेंटर: क्या मुझे इसे टेस्ट करना चाहिए? मुझे क्या करना चाहिए?
ट्रेनर: इसे टेस्ट करो.
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका और इजरायल के साथ जारी युद्ध को देखते हुए अब तक 3 करोड़ 10 लाख से ज्यादा ईरानी नागरिक इस वॉलंटरी प्रोग्राम के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. एंकरों की ये ट्रेनिंग भी इसी अभियान का हिस्सा थी.
बढ़ता जा रहा है ईरान और यूएई का तनाव
अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में ईरान ने हाल के दिनों में खाड़ी देशों पर कई जवाबी हमले किए हैं. इन हमलों में ईरान ने अपने बाकी पड़ोसियों के मुकाबले यूएई को सबसे ज्यादा निशाना बनाया है. ईरानी हमलों में यूएई के नागरिक बुनियादी ढांचे और एनर्जी फैसिलिटीज को भारी नुकसान पहुंचाया गया है.
यह भी पढ़ें: ईरान के खिलाफ अब जंग में उतरेंगे सऊदी-यूएई? अमेरिका की मदद के लिए उठाया बड़ा कदम
ईरान के इन हमलों के जवाब में यूएई ने भी अपना रुख कड़ा कर लिया है. यूएई ने अमेरिका और इजरायल के साथ अपने संबंधों को और ज्यादा मजबूत कर लिया है.
aajtak.in