ईरान ने इजरायल के शहर हाइफा पर बड़े हमले किए हैं. शुक्रवार को ईरान के मिसाइल हमले में उत्तरी इजरायल में स्थित हाइफा शहर में छह लोग घायल हो गए और कई घरों को नुकसान पहुंचा. ईरान का यह हमला जहां हुआ है, वह इजरायल का ऑयल हब है जिससे नेतन्याहू सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं.
इजरायल के अखबार 'Yedioth Ahronoth' के अनुसार, हाइफा और किर्यात अता में मिसाइल गिरने से 79 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हुआ. वहीं, अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली मेडिकल सूत्रों ने बताया कि कुल छह लोग घायल हुए हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति विस्फोट की शॉकवेव से उड़े पत्थरों की चपेट में आ गया.
ईरान के इस हमले से पहले लेबनान स्थित ईरान के प्रॉक्सी ग्रुप हिज्बुल्लाह ने उत्तर इजरायल में 15 रॉकेट दागे थे जिससे वहां सायरन बजने लगे.
हाइफा इजरायल का एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर है, जहां बड़ी आबादी रहती है. यहां देश की सबसे अहम ऑयल रिफाइनरी भी स्थित है, जहां से इजरायल के इस्तेमाल का 70% तेल रिफाइन होता है. युद्ध के दौरान इस शहर पर पहले भी दो बार हमला हो चुका है.
खाड़ी देशों पर ईरान के हमले
कुवैत ने कहा कि ईरानी हमले में एक डिसैलिनेशन (समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने वाला) प्लांट को नुकसान पहुंचा है. यह हमला शुक्रवार सुबह एक ऑयल रिफाइनरी पर ड्रोन हमले के बाद हुआ. कुवैत में करीब 90% पीने का पानी डिसैलिनेशन से ही आता है.
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब कुछ दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के बचे हुए डिसैलिनेशन प्लांट्स पर बमबारी की धमकी दी थी. पिछले महीने अमेरिका ने ईरान के एक डिसैलिनेशन प्लांट पर हमला भी किया था.
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के हबशन गैस फैसिलिटी में भी एक इंटरसेप्ट किए गए प्रोजेक्टाइल के मलबे से आग लग गई. अबू धाबी मीडिया ऑफिस ने बताया कि आग लगने के बाद ऑपरेशंस रोक दिए गए हैं और अधिकारी स्थिति पर काबू पाने में जुटे हैं. किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
तुर्की की अनादोलु एजेंसी के अनुसार, शुक्रवार को ईरान ने यूएई और सऊदी अरब पर बड़े ड्रोन हमले किए जिन्हें दोनों देशों ने इंटरसेप्ट करने का दावा किया है.
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम्स मिसाइलों और ड्रोन को निष्क्रिय कर रहे हैं.
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने अलग-अलग पोस्ट में बताया कि उसकी सेना ने ताजा हमलों में 14 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया.
ईरान ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने यूएई में अमेरिकी एविएशन कर्मियों की एक बैठक को निशाना बनाते हुए बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के बयान के मुताबिक, यह सटीक हमला एक सीक्रेट मीटिंग की जगह पर किया गया, जहां अमेरिकी एविएशन इंजीनियर और सैन्य पायलट मौजूद थे. हालांकि, इसकी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई.
aajtak.in