ईरान जंग बीते छह हफ्ते से जारी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, जिसकी मियाद खत्म होने जा रही है. लेकिन इससे पहले ही ट्रंप ने ईरान को एक और बड़ी धमकी दे दी है.
ट्रंप ने ईरान को धमकाते हुए कहा है कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे वापस नहीं लाया जा सकेगा. मैं ऐसा नहीं चाहता लेकिन शायद ऐसा होगा.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अब हमने ईरान में सत्ता बदल दी है. अब वहां पहले की तुलना में स्मार्ट और कम कट्टरपंथी लोग हैं. किसे पता कि कुछ क्रांतिकारी कदम उठा लिया जाए? हमें आज रात पता चल जाएगा. यह दुनिया के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण पल हो सकता है. 47 साल की उगाही, भ्रष्टाचार और मौत का तांडव आखिरकार खत्म होगा. ईश्वर महान है. ईरानी जनता पर कृपया बनाए रखे.
बता दें कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब एक दिन पहले ही ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ईरान में फंसे अमेरिकी एयरमैन के रेस्क्यू ऑपरेशन की डिटेल जानकारी दी थी. ट्रंप ने ईरान को होर्मुज खोलने और डील करने के लिए 48 घंटे का समय भी दिया है, जो जल्द खत्म होने जा रहा है.
ट्रंप ने शुरुआत में ईरान को 48 घंटे का समय दिया था और चेतावनी दी थी कि अगर वह इस दौरान स्ट्रेट नहीं खोलता, तो हमला किया जाएगा, लेकिन जैसे ही दुनिया इस टकराव के नतीजे का इंतजार कर रही थी, ट्रंप ने तनाव कम करते हुए समयसीमा बढ़ा दी.
अब तक ट्रंप तीन बार समयसीमा बढ़ा चुके हैं और नई डेडलाइन सात अप्रैल को समाप्त हो रही है. पहली चेतावनी 48 घंटे की थी, जिसे बाद में पांच दिन किया गया और फिर 10 दिन और बढ़ा दिया गया. इस तरह 48 घंटे की मूल समयसीमा अब बढ़कर कुल 408 घंटे हो चुकी है.
aajtak.in