'ईरान को हथियार नहीं देगा चीन', राष्ट्रपति जिनपिंग से मुलाकात के बाद ट्रंप का दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के दौरान ईरान को हथियार न भेजने की सहमति मिलने का दावा किया है. ट्रंप के अनुसार, चीन ईरान से तेल खरीदना जारी रखेगा लेकिन सैन्य उपकरण नहीं भेजेगा.

Advertisement
ट्रंप तीन दिवसीय चीन दौरे पर हैं (Photo: AFP) ट्रंप तीन दिवसीय चीन दौरे पर हैं (Photo: AFP)

आजतक इंटरनेशनल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 14 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:57 PM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनसे मुलाकात के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ईरान को हथियार नहीं भेजने पर सहमति जताई है. राष्ट्रपति ट्रंप 13-15 मई के बीच तीन दिनों के चीन दौरे पर हैं और ईरान से साथ युद्ध और उसके बाद जारी तनाव के बीच उनका यह दावा बेहद अहम माना जा रहा है. चीन ईरान का अहम व्यापारिक साझेदार है जो हथियार भेजकर उसकी मदद करता रहा है. लेकिन अब ट्रंप दावा कर रहे हैं कि चीन ऐसा नहीं करेगा.

Advertisement

फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि बीजिंग में हुई द्विपक्षीय बैठक के दौरान चीनी राष्ट्रपति ने ईरान को सैन्य उपकरण नहीं भेजने पर सहमति जताई है.

ट्रंप ने गुरुवार को दिए इंटरव्यू में कहा, 'हमने इस पर चर्चा की. जब आप समर्थन की बात करते हैं, तो इसका मतलब ये नहीं है कि वो हमारे खिलाफ युद्ध लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि वो ईरान को सैन्य उपकरण नहीं देंगे. यह बहुत बड़ा बयान है.'

हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि चीन ईरान से तेल खरीदना जारी रखना चाहता है. उन्होंने कहा, 'साथ ही उन्होंने कहा कि वे वहां से काफी तेल खरीदते हैं और इसे जारी रखना चाहते हैं.'

ईरान से भारी मात्रा में तेल खरीदता है चीन 

अमेरिका-चीन आर्थिक और सुरक्षा समीक्षा आयोग के अनुसार, चीन ने 2025 और 2026 की पहली तिमाही में ईरान से रोजाना लगभग 14 लाख बैरल तेल खरीदा. यह चीन के कुल कच्चे तेल आयात का करीब 12 से 15 प्रतिशत था, लेकिन ईरान के कुल तेल निर्यात का 90 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा चीन को ही गया.

Advertisement

व्हाइट हाउस ने गुरुवार को बताया कि ट्रंप और शी जिनपिंग ने अपनी बैठक में चीन के अमेरिका से तेल खरीदने के मुद्दे पर भी चर्चा की.

Global Banking & Finance Review की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ने मई 2025 में अमेरिकी कच्चे तेल की खरीद बंद कर दी थी. उस समय ट्रेड वॉर के बीच चीन ने अमेरिकी क्रूड ऑयल पर 20 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया था.

अमेरिका से हथियार खरीदेगा चीन!

इंटरव्यू में ट्रंप ने यह भी दावा कि चीनी राष्ट्रपति ने अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग से 200 विमान खरीदने पर सहमति जताई है.

ट्रंप ने कहा, 'आज उन्होंने एक बात पर सहमति दी है. वो 200 विमान ऑर्डर करने जा रहे हैं, यह बहुत बड़ी बात है, बोइंग के लिए.'

उन्होंने आगे कहा, '200 बड़े विमान. यह बहुत सारी नौकरियां पैदा करेगा. बोइंग 150 विमान के ऑर्डर चाहता था, लेकिन उन्हें 200 का ऑर्डर मिला.'

इससे पहले अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने भी बोइंग विमानों के बड़े ऑर्डर का संकेत दिया था. उन्होंने CNBC से कहा था, 'मुझे लगता है कि गुरुवार सुबह हम बोइंग के बड़े ऑर्डर देखने जा रहे हैं.' बोइंग के CEO केली ऑर्टबर्ग भी ट्रंप के साथ चीन यात्रा पर गए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement