'बलि का बकरा नहीं बनना हमें', दो बार होर्मुज पहुंचकर वापस लौटा चीनी जहाज, क्रू ने बताई वजह

अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों से निकलने वाले जहाजों पर पूरी तरह नाकाबंदी कर रखी है, जिससे यूएई से निकले चीनी जहाजों को भी परेशानी हो रही है. चीन के एक टैंकर को होर्मुज स्ट्रेट से 48 घंटे में दो बार वापस लौटना पड़ा है.

Advertisement
चीन का जहाज होर्मुज से दो बार वापस लौट गया है चीन का जहाज होर्मुज से दो बार वापस लौट गया है

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 16 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:00 AM IST

अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों से निकलने वाले जहाजों पर पूरी तरह नाकाबंदी कर रखी है. नाकाबंदी ईरानी बंदरगाहों पर है लेकिन यूएई से निकले चीनी जहाजों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. पूरी तरह से लोडेड चीन के एक टैंकर को 48 घंटे में दो बार होर्मुज से वापस लौटना पड़ा है.

चीन के जहाज का होर्मुज से दो बार लौटना दिखाता है कि वो रिस्क का आकलन कर रहा है. विश्लेषकों का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट में किसी भी देश के जहाजों को कोई विशेष छूट नहीं दी जा रही है.

Advertisement

मिंगकुन टेक्नोलॉजी के डेटा के अनुसार, ‘रिच स्टार्री’ नाम का जहाज मंगलवार सुबह करीब 2 बजे होर्मुज स्ट्रेट पार कर ओमान की खाड़ी में पहुंचा. हालांकि, दोपहर करीब 3 बजे उसने यू-टर्न लिया और वापस उसी रास्ते से लौट गया. बुधवार शाम तक ये जहाज ईरान के लारक द्वीप के दक्षिण-पश्चिम में लंगर डाले खड़ा था.

यूएई के शारजाह से चला था चीनी टैंकर

188 मीटर लंबा यह तेल और केमिकल टैंकर सोमवार को यूएई के शारजाह तट से रवाना हुआ था और स्ट्रेट की ओर बढ़ा था. लेकिन मरीनट्रैफिक के अनुसार, जैसे ही यह चोक पॉइंट के पास पहुंचा, कुछ ही मिनटों में वापस मुड़ गया.

अमेरिकी प्रतिबंध झेल रहा जहाज अफ्रीकी देश मलावी के झंडा के तहत समंदर में चलता है लिए चलता है. बताया जा रहा है कि यह यूएई से लगभग 2.5 लाख बैरल मेथनॉल लेकर जा रहा था.

Advertisement

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया के जरिए इस नाकाबंदी की घोषणा की थी, जब इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत बिना किसी समझौते के खत्म हो गई.

इसके बाद अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि यह नाकाबंदी सभी देशों के जहाजों पर समान रूप से लागू होगी, चाहे वे ईरानी बंदरगाहों या फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के तटीय इलाकों में एंट्री कर रहे हों या निकल रहे हों.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, मंगलवार को कम से कम आठ जहाजों ने इस स्ट्रेट को पार करने की कोशिश की, जिनमें चीनी स्वामित्व वाला ये टैंकर भी शामिल था.

तीन साल पहले अमेरिका ने चीनी जहाज को किया था ब्लैकलिस्ट

2023 में अमेरिका ने ‘रिच स्टार्री’ को ब्लैकलिस्ट कर दिया था. उसका आरोप था कि यह जहाज ईरान को ऊर्जा बैन से बचा रहा है. 

चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने बताया कि दो अन्य जहाज होर्मुज स्ट्रेट पार कर ईरानी जलक्षेत्र में प्रवेश कर गए. इनमें एक कच्चा तेल ले जाने वाला जहाज था, जिसकी क्षमता 20 लाख बैरल तक है और उस पर पहले अमेरिकी प्रतिबंध लग चुके थे, जबकि दूसरा खाद्य सामग्री से भरा बल्क कैरियर था. रिपोर्ट में कहा गया कि इन दोनों जहाजों को होर्मुज से गुजरने में किसी तरह की रुकावट का सामना नहीं करना पड़ा.

Advertisement

बीजिंग स्थित साउथ चाइना सी स्ट्रैटेजिक सिचुएशन प्रोबिंग इनिशिएटिव के निदेशक हू बो ने कहा कि अमेरिका की नाकाबंदी में चीन को कोई 'विशेष छूट' नहीं मिली है.

सेवानिवृत्त पीएलए कर्नल और सैन्य विश्लेषक यूए गांग ने हॉन्गकॉन्ग स्थित न्यूज वेबसाइट साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट से कहा कि तकनीकी रूप से ‘रिच स्टार्री’ नाकाबंदी के दायरे में नहीं आता, क्योंकि यह ईरानी बंदरगाह से नहीं बल्कि यूएई से चला था. हालांकि, इसके खिलाफ लगे प्रतिबंधों के कारण जहाज ने रिस्क न लेते हुए वापस लौटने का फैसला किया.

उन्होंने कहा, 'जहाज के क्रू बलि का बकरा नहीं बनना चाहते थे, इसलिए वापस लौटना ही सुरक्षित विकल्प था.'

उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी ने रिस्क का पूरा आकलन किया होगा और संभव है कि उसने अमेरिकी ट्रेजरी या समुद्री अधिकारियों से भी संपर्क किया हो.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement