इंडोनेशिया का वो खूबसूरत द्वीप बाली, जहां लोग सुकुन की छुट्टियां मनाने जाते हैं, वहां से एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरी दुनिया के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. यूक्रेन के एक बड़े अपराधी के बेटे का अपहरण कर लिया गया है. गायब होने के कुछ ही दिनों बाद अब एक ऐसा भयावह वीडियो सामने आया है, जिसमें 10 मिलियन डॉलर (करीब 84 करोड़ रुपये) की फिरौती मांगी गई है. इस पूरे कांड में रूसी कनेक्शन की आशंका ने मामले को और भी ज्यादा गर्मा दिया है.
दरअसल, 28 साल का यूक्रेनी नागरिक इगोर कोमारोव अपने दोस्तों और प्रेमिका के साथ बाली घूमने आया था. इगोर कोई आम पर्यटक नहीं है, स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह यूक्रेन के क्रामाटोर्स्क के कुख्यात डॉन कोमार का बेटा है. छुट्टियों के बीच इगोर अचानक गायब हुआ और फिर आया वो वीडियो, जिसे देखकर किसी का भी कलेजा कांप जाए.
यह भी पढ़ें: इजरायल-ईरान तनाव के बीच बढ़ी दहशत, ओमान तट पर भारतीय टैंकर पर हमला, 4 लोग घायल
"मम्मी मुझे बचा लो, इन्होंने मेरे अंग काट दिए"
सामने आए फिरौती के वीडियो में इगोर की हालत बहुत खराब दिख रही है. वह बुरी तरह घायल है और ऐसा लग रहा है कि उससे जबरदस्ती एक बयान पढ़वाया जा रहा है. वीडियो में इगोर रोते हुए अपनी मां से गुहार लगा रहा है कि "मम्मी, मैं आपसे विनती करता हूं, प्लीज मेरी मदद करो. हमने जो 10 मिलियन डॉलर चुराए थे, उन्हें वापस कर दो. उन्होंने मेरे कुछ अंग पहले ही काट दिए हैं. मेरी टांगें और पसलियां टूट चुकी हैं, मेरी छाती की हड्डी में छेद कर दिया है."
पुलिस की मानें तो इगोर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूम रहा था. आशंका है कि सफर के दौरान इन लोगों ने सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें और लोकेशन शेयर की थीं, उसी से किडनैपर्स को उनके ठिकाने का सुराग मिल गया. इगोर के साथ उसका एक दोस्त अलेक्जेंडर येरमाक भी था, जो किसी तरह वहां से भाग निकला और उसने पुलिस को खबर दी. अलेक्जेंडर खुद भी एक दूसरे यूक्रेनी डॉन नारिक का बेटा बताया जा रहा है.
बाली पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो सीसीटीवी और जीपीएस की मदद से वो तबानन जिले के एक विला तक पहुंचे. वहां एक गाड़ी के अंदर और विला की दीवारों पर खून के धब्बे मिले हैं. पुलिस को शक है कि इगोर को यहीं बंधक बनाकर रखा गया और उसे खौफनाक यातनाएं दी गईं.
'द न्यूज इंटरनेशनल' के मुताबिक, इस मामले में 7 विदेशी नागरिकों को संदिग्ध माना गया है. पुलिस ने सीएच नाम के एक शख्स को पकड़ा है, जो फर्जी पासपोर्ट के साथ भागने की फिराक में था. बाकी 6 संदिग्ध फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है.
रूसी गैंग का हाथ, इंटरपोल की बड़ी कार्रवाई
जांच में यह बात भी सामने आई है कि ये किडनैपर्स किसी इंटरनेशनल क्रिमिनल नेटवर्क का हिस्सा हैं. चर्चा है कि इस गैंग में रूस के चेचन्या इलाके के लोग शामिल हैं. फरार हुए 6 संदिग्धों में से 4 तो बाली एयरपोर्ट से ही गायब हो गए, जबकि 2 अब भी द्वीप पर ही कहीं छिपे हो सकते हैं. इन्हें पकड़ने के लिए अब इंटरपोल की मदद से बड़ा अभियान चलाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: 'युद्ध पड़ोसियों से नहीं...', ईरान की मिसाइल अटैक पर भड़का संयुक्त अरब अमीरात
क्या इगोर अब इस दुनिया में नहीं है?
सबसे डराने वाली बात ये है कि पास की एक नदी के किनारे पुलिस को इंसानी शरीर के कुछ कटे हुए हिस्से मिले हैं. फोरेंसिक एक्सपर्ट्स का कहना है कि ये अवशेष करीब तीन दिन पुराने हैं. हालांकि, अभी तक यह आधिकारिक तौर पर पक्का नहीं हुआ है कि ये इगोर के ही अंग हैं. पुलिस ने पहचान के लिए इगोर की मां का डीएनए सैंपल लिया है. फिलहाल इगोर के जिंदा होने की कोई पक्की खबर नहीं है और पूरी दुनिया इस मर्डर मिस्ट्री के सुलझने का इंतजार कर रही है.
aajtak.in