ईरान की तरफ से दागी गई मिसाइलों ने खाड़ी देशों में हड़कंप मचा दिया है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के कई इलाकों में ईरान ने मिसाइलें बरसाईं, जिसकी यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कड़े शब्दों में निंदा की है. राष्ट्रपति ने ईरान को खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि वह समझदारी से काम ले, क्योंकि उसकी लड़ाई यूएई जैसे पड़ोसी देशों से नहीं है.
"गलत रास्ते पर है ईरान"
यूएई के राष्ट्रपति के सलाहकार अनवर गरगाश ने भी ईरान को आईना दिखाया है. उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों पर हमला करना ईरान की बहुत बड़ी भूल है. इस हरकत ने ईरान को पूरी दुनिया में अकेला कर दिया है. गरगाश ने नसीहत देते हुए कहा, "ईरान को यह समझना चाहिए कि उसकी जंग अपने पड़ोसियों से नहीं है. हालात और ज्यादा बिगड़ें, उससे पहले ईरान को अपने व्यवहार में जिम्मेदारी लानी चाहिए."
यह भी पढ़ें: जंग से अकेला ओमान ही बचा था... वहां भी ड्रोन गिरने लगे, पूरा मिडिल ईस्ट धधका
क्यों शुरू हुआ यह बवाल?
दरअसल, यह पूरा मामला अमेरिका और इजरायल की उस कार्रवाई से जुड़ा है, जिसमें ईरान के सबसे बड़े नेता अली खामेनेई की जान चली गई थी. इसी का बदला लेने के लिए ईरान ने शनिवार को मिसाइलें दागनी शुरू कर दीं. निशाना अबू धाबी में बना 'अल-धरफा' अमेरिकी सैन्य अड्डा था, लेकिन इसकी चपेट में शहर के कई अन्य हिस्से भी आ गए.
हैरानी की बात तो यह है कि ईरान ने इस बार दुबई को भी नहीं बख्शा, जबकि वहां कोई अमेरिकी सैन्य अड्डा तक नहीं है. ईरान के इन हमलों ने चलते-फिरते दुबई की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लगा दिया. दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुए जोरदार धमाकों की वजह से वहां की पूरी एयरस्पेस को बंद करना पड़ा, जिससे उड़ानों का आना-जाना पूरी तरह ठप हो गया.
इन हमलों की असर दुनिया के सबसे आलीशान होटलों में गिने जाने वाले 'बुर्ज अल अरब' तक भी पहुंची, जिससे इस प्रतिष्ठित इमारत को काफी नुकसान हुआ है. इतना ही नहीं, समंदर के बीच बने मशहूर 'पाम जुमेराह' द्वीप पर भी एक होटल के पास आग लगने की खबरें आईं. शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुए इन हमलों में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
यह भी पढ़ें: कराची में US दूतावास में घुसे पाकिस्तानी प्रोटेस्टर, अमेरिकी सैनिकों की फायरिंग में 12 की मौत
पड़ोसी देश भी सहमे
ईरान की ये मिसाइलें सिर्फ यूएई तक ही सीमित नहीं रहीं. कतर की राजधानी दोहा में भी रविवार को जोरदार धमाके सुने गए. यहां तक कि पहली बार ओमान भी इन हमलों की चपेट में आ गया है. खाड़ी क्षेत्र में तनाव इतना बढ़ गया है कि लोग डरे हुए हैं और पड़ोसी देश ईरान के इस कड़े रुख से काफी नाराज हैं.
aajtak.in