हमले का शिकार हुआ टैंकर स्काईलाइट पलाऊ के झंडे के साथ सफर कर रहा था. इसे ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप के पास निशाना बनाया गया. मौजूदा तनाव के बीच यह पहली बार है जब ओमान के इतने करीब किसी जगह को निशाना बनाया गया है. इस हमले ने साफ कर दिया है कि अब जंग का दायरा धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ईरानी हमलों पर भड़के ट्रंप ने दे दी फाइनल वॉर्निंग- 'ऐसा मजा चखाएंगे कि भूल नहीं पाओगे'
कैसे हुआ हादसा?
ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि यह हमला मुसंदम के खासब बंदरगाह से करीब 5 समुद्री मील उत्तर की दिशा में हुआ. हमले के फौरन बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और जहाज पर मौजूद चालक दल के सभी 20 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया. इस क्रू में 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक शामिल थे. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि टैंकर पर किस हथियार या मिसाइल से हमला किया गया था.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हमले में चालक दल के चार सदस्यों को चोटें आई हैं. किसी को गंभीर तो किसी को हल्की चोट लगी है. समंदर के बीच हुए इस अचानक हमले से जहाज पर सवार लोग बुरी तरह डर गए.
यह भी पढ़ें: कौन हैं अलीरेजा अराफी... जिन्हें खामेनेई की मौत के तुरंत बाद ईरान ने बनाया 'सुप्रीम लीडर'
क्यों भड़की है ये आग?
दरअसल, यह हमला उस जवाबी कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है जो ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रही है. कुछ समय पहले अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के सबसे बड़े नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को मार गिराया था. इसी घटना के बाद से ईरान और उसके समर्थक गुट लगातार बदले की कार्रवाई कर रहे हैं, जिसकी चपेट में अब बेकसूर व्यापारी जहाज और भारतीय नागरिक भी आ रहे हैं.
aajtak.in