अमेरिकी डेलिगेशन से मुलाकात नहीं करेंगे अराघची, पाकिस्तान को अपनी शर्तें सौंपेगा ईरान

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के पाकिस्तान दौरे ने कूटनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है. हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि इस्लामाबाद में अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ उनकी कोई सीधी बैठक नहीं होगी. ईरान अपना संदेश पाकिस्तान के जरिए वाशिंगटन तक पहुंचाएगा.

Advertisement
इस्लामाबाद पहुंचे अराघची. (Photo- X/@MIshaqDar50) इस्लामाबाद पहुंचे अराघची. (Photo- X/@MIshaqDar50)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 25 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:49 AM IST

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद पहुंचे. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय शांति को बढ़ावा देना और अमेरिकी आक्रामकता को समाप्त करने के लिए पाकिस्तानी नेताओं के साथ चर्चा करना है. हालांकि, ईरान ने अमेरिका के साथ सीधी बातचीत से इनकार किया है. ईरानी विदेश मंत्रालय का कहना है कि इस यात्रा के दौरान अराघची पाकिस्तानी जनरल आसिम मुनीर से मुलाकात करेंगे. वहीं, शुक्रवार को शांति वार्ता को लेकर जगी उम्मीद को लेकर व्हाइट हाउस द्वारा विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और सलाहकार जेरेड कुशनर को पाकिस्तान भेजने ऐलान किया था.

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी दी कि अराघची के इस दौरे के दौरान ईरान और अमेरिका के बीच किसी भी सीधी बैठक की योजना नहीं है. अराघची पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात करेंगे. अराघची की बैठकें पाकिस्तान की चल रही मध्यस्थता कोशिशों के तालमेल में होंगी.

Advertisement

उन्होंने साफ कहा कि ईरान की टिप्पणियां और अवलोकन पाकिस्तान को सौंप दिए जाएंगे जो आगे बातचीत का जरिया बनेगा. ईरान इस क्षेत्र में शांति की बहाली और थोपे गए युद्ध को खत्म करने के लिए पाकिस्तान के 'गुड ऑफिस' (मध्यस्थता सेवाओं) का इस्तेमाल कर रहा है.

मस्कट और मॉस्को भी जाएंगे अराघची

इस्लामाबाद में अपनी बैठकों के बाद ईरानी विदेश मंत्री अपनी क्षेत्रीय यात्रा के अगले चरण में मस्कट और मॉस्को के लिए रवाना होंगे. उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपने विशेष दूतों को पाकिस्तान भेजकर ईरान से जुड़े मुद्दों पर कूटनीतिक जुड़ाव के संकेत दिए हैं. हालांकि, सीधी बातचीत अभी नहीं हो रही है, लेकिन पाकिस्तान की धरती इन दोनों प्रतिद्वंद्वी देशों के बीच संदेशों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण केंद्र बन गई है.

वर्तमान सत्ता से चल रही है बात: ट्रंप

Advertisement


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि ईरान अमेरिकी मांगों को पूरा करने के उद्देश्य से एक प्रस्ताव देने की योजना बना रहा है, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक ये नहीं पता है कि प्रस्ताव में क्या शामिल होगा.

जब ट्रंप से पूछा गया कि अमेरिका किसके साथ बातचीत कर रहा है तो उन्होंने कहा, 'मैं यह नहीं कहना चाहता, लेकिन हम उन लोगों के साथ बातचीत कर रहे हैं जो वर्तमान में सत्ता में हैं.'


वहीं, ईरानी विदेश मंत्रालय के बयान से पहले बोलते हुए, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि विटकॉफ और कुशनर अराघची के साथ बातचीत के लिए शनिवार सुबह पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे.

लेविट ने ये कहा कि अमेरिका ने हाल के दिनों में ईरानी पक्ष की ओर से कुछ प्रगति देखी है और उम्मीद है कि इस वीकेंड में और प्रगति होगी.

उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस, जिन्होंने इस महीने की शुरुआत में ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए असफल वार्ता का पहला दौर का नेतृत्व किया था , पाकिस्तान की यात्रा करने के लिए भी तैयार हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement