कोलकाता का ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड शनिवार को राजनीतिक उत्साह और भारी भीड़ से पूरी तरह भर गया. हजारों समर्थकों की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. मंच पर देशभर के बड़े नेताओं की मौजूदगी रही. (Photo: PTI)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर बंगाल की सत्ता संभाली. शपथ के बाद पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं. इस दौरान पूरा मैदान जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा. (Photo: PTI)
भवानीपुर सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर सुर्खियों में आए शुभेंदु अधिकारी अब राज्य के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं. बंगाल की राजनीति में इसे सबसे बड़े सत्ता परिवर्तन के तौर पर देखा जा रहा है. (Photo: PTI)
शपथ ग्रहण के बाद जब शुभेंदु अधिकारी मंच पर मौजूद नेताओं से मुलाकात कर रहे थे, तब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपना भगवा गमछा उतारकर उन्हें पहनाया. यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और समर्थकों ने इसे खास राजनीतिक संदेश बताया. (Photo: ITG)
शुभेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन आयोजित किया गया. समारोह की शुरुआत गुरुदेव टैगोर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर हुई. पीएम मोदी ने भी टैगोर को श्रद्धांजलि देते हुए इसे ऐतिहासिक संयोग बताया. (Photo: PTI)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया. वहीं टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई. 15 साल बाद बंगाल की सत्ता बदलने से बीजेपी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. (Photo: ITG)
समारोह के दौरान पीएम मोदी ने बंगाल बीजेपी के सबसे पुराने कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को मंच पर सम्मानित किया. पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाया और पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया. यह भावुक दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए खास आकर्षण बना. (Photo: ITG)
शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निसिथ प्रामाणिक, खुदीराम टुडू और अशोक कीर्तनिया समेत कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली. बीजेपी ने नई सरकार में संगठन और युवा चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है. (Photo: ITG)
पीएम मोदी ने शपथ ग्रहण समारोह की तस्वीरें अपने हैंडल पर भी शेयर की हैं. वीडियो में वह जनता का अभिवादन करते और दंडवत होकर लोगों का आभार जताते दिखाई दिए. कुछ ही देर में समारोह की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गए. समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक भी पहुंचे थे. (Photo: ITG)
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद शुभेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री मोदी के पास पहुंचे और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया. पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. शपथ ग्रहण समारोह में गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे समेत कई बड़े नेता शामिल हुए. शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही पश्चिम बंगाल में बीजेपी युग की औपचारिक शुरुआत हो गई. (Photo: PTI)