'मेरे बैग में बम है तुम सब मरोगे...' वाराणसी से बेंगलुरु जा रही एक फ्लाइट में बैठा यात्री चिल्लाया, चार घंटे तक हुई जांच

वाराणसी से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट रनवे की ओर बढ़ रही थी और टेकऑफ के लिए तैयार थी, तभी एक यात्री ने दावा किया कि उसके बैग में बम है और सभी मरने वाले हैं. इस तरह की सूचना से अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. धमकी के बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया. सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को तुरंत आइसोलेशन जोन में ले जाया गया.

Advertisement
प्रतीकात्मक फोटो प्रतीकात्मक फोटो

रोशन जायसवाल

  • वाराणसी ,
  • 28 अप्रैल 2025,
  • अपडेटेड 10:20 AM IST

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब वाराणसी से बेंगलुरु जा रही एक फ्लाइट में एक यात्री ने शोर मचाते हुए दावा किया कि उसके बैग में बम है और सभी मरने वाले हैं. अचानक इस तरह की सूचना से फ्लाइट में बैठे अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी में दहशत फैल गई.

Advertisement

फ्लाइट रनवे की ओर बढ़ रही थी और टेकऑफ के लिए तैयार थी, लेकिन यात्री की धमकी के बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया. सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को तुरंत आइसोलेशन जोन में ले जाया गया और सभी यात्रियों को उतारकर फ्लाइट की पूरी तरह से जांच शुरू कर दी गई.

विमान में सवार एक यात्री, जो बाद में कनाडा का नागरिक निकला, ने चिल्लाते हुए कहा था कि उसके बैग में बम है और वह फटने वाला है. इतनी बड़ी बात सुनते ही फ्लाइट क्रू और अन्य यात्रियों में दहशत फैल गई. तुरंत विमान को सुरक्षित स्थान पर लाया गया और बम डिस्पोजल स्क्वाड के साथ सुरक्षा एजेंसियों ने गहन तलाशी अभियान चलाया.

घंटों चली तलाशी, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

करीब तीन से चार घंटे चली जांच के दौरान फ्लाइट के हर हिस्से, यात्रियों के सामान और विमान में मौजूद हर वस्तु की गहन तलाशी ली गई. सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी सतर्कता के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन जांच में किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इसके बाद सभी यात्रियों को दोबारा बोर्ड कराया गया और विमान ने देरी के बाद बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी. इस पूरी घटना के कारण रात भर यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और एयरपोर्ट परिसर में भी तनाव का माहौल बना रहा.

Advertisement

धमकी देने वाला यात्री गिरफ्तार

धमकी देने वाले यात्री की पहचान निशांथ योहानाथन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कनाडा का नागरिक है. उसे तत्काल गिरफ्तार कर फूलपुर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया. एसीपी पिंडरा, प्रतीक कुमार ने बताया कि विमान जब टेकऑफ की स्थिति में था तभी निशांथ ने जोर से चिल्लाते हुए कहा कि उसके बैग में बम है. सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान को आइसोलेशन में ले जाया गया और पूरी जांच की गई. चेकिंग में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने के बाद तीन से चार घंटे की देरी से फ्लाइट रवाना हो पाई.

एसीपी ने यह भी बताया कि आरोपी यात्री के खिलाफ एप्लीकेशन मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उस पर गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. साथ ही मामले की आगे भी जांच जारी है कि यात्री ने ऐसा कदम क्यों उठाया. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »