रामपुर के नगर विधायक आकाश सक्सेना ने एक अलग अंदाज में अपनी राजनीतिक और सार्वजनिक गतिविधियों की शुरुआत की है. केंद्रीय वाई प्लस सुरक्षा प्राप्त विधायक आकाश सक्सेना सोमवार को ई-रिक्शा पर सवार होकर भाजपा के रामपुर जिला कार्यालय पहुंचे. उनके साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे.
इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और ई-रिक्शा से आने के अपने फैसले के बारे में जानकारी दी. विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद उन्होंने यह तय किया है कि अब वे स्थानीय कार्यक्रमों और निरीक्षण के लिए ई-रिक्शा का ही उपयोग करेंगे. उनका मानना है कि इससे ईंधन की बचत होगी और लोगों को भी एक संदेश मिलेगा.
उन्होंने यह भी कहा कि देश में मौजूदा समय में ईंधन बचत एक महत्वपूर्ण जरूरत है. ऐसे में हर नागरिक को प्रधानमंत्री की अपील का पालन करना चाहिए और पेट्रोल व डीजल के उपयोग को कम करना चाहिए. उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे छोटे-छोटे कामों के लिए ई-रिक्शा या अन्य साधारण साधनों का उपयोग करें.
स्थानीय कार्यक्रमों के लिए अब ई-रिक्शा के इस्तेमाल का फैसला
मीडिया से बातचीत में आकाश सक्सेना ने कहा कि अब से उनके सभी स्थानीय कार्यक्रम ई-रिक्शा से ही होंगे. उन्होंने कहा कि शहर के भीतर होने वाली बैठकों और निरीक्षण के लिए अब वे गाड़ियों का उपयोग नहीं करेंगे. इसके लिए उन्होंने अपने स्तर पर ई-रिक्शा की व्यवस्था भी कर ली है.
उन्होंने यह भी बताया कि जहां दूर के कार्यक्रम होंगे, वहां सुरक्षा के लिए केवल दो वाहन रहेंगे. इनमें एक सीआरपीएफ का वाहन होगा और दूसरा उनका अपना वाहन होगा. बाकी सभी गाड़ियों को उन्होंने स्थानीय कार्यक्रमों के लिए हटा दिया है.
जनता से पेट्रोल और डीजल बचाने की विधायक की अपील
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है. उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति और विदेशी मुद्रा पर दबाव को देखते हुए ईंधन की बचत करना जरूरी है. उनका मानना है कि इस तरह के छोटे प्रयासों से बड़ा संदेश जाता है और लोग भी प्रेरित होते हैं. आकाश सक्सेना का यह कदम स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है. लोग इसे एक प्रतीकात्मक पहल के रूप में देख रहे हैं, जिसमें जनता को ईंधन बचत और सादगी का संदेश दिया गया है.
आमिर खान