वकील ने दिनदहाड़े चचेरे भाई को मारी गोली, जानें लड़ाई की वजह

लखीमपुर खीरी कचहरी परिसर में पारिवारिक विवाद के चलते एक वकील ने अपने चचेरे भाई को गोली मार दी. खेत में पानी को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में लखनऊ रेफर किया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
चचेरे भाई को वकील ने मारी गोली (Photo: Screengrab) चचेरे भाई को वकील ने मारी गोली (Photo: Screengrab)

अभिषेक वर्मा

  • लखीमपुर खीरी,
  • 06 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:33 PM IST

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कचहरी परिसर में ही फायरिंग की घटना ने हड़कंप मचा दिया. यह घटना थाना सदर कोतवाली क्षेत्र की है, जहां एक अधिवक्ता परिवार के अंदर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.

जानकारी के अनुसार, पेशे से अधिवक्ता जसकरन राज और उनके भतीजे अधिवक्ता जितेंद्र राज के बीच खेत में पानी जाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कचहरी परिसर में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.

Advertisement

चाचा ने भतीजे को मारी गोली

बताया जा रहा है कि जब चाचा और भतीजे के बीच झगड़ा बढ़ा, तभी जसकरन राज का बेटा अधिवक्ता विराट राज मौके पर पहुंच गया. इसी दौरान उसने अपने चचेरे भाई जितेंद्र राज पर 315 बोर के तमंचे से फायर कर दिया. गोली जितेंद्र के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

कचहरी परिसर में गोली चलने की खबर मिलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जिले की एसपी ख्याति गर्ग और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया.

पुलिस ने घायल अधिवक्ता जितेंद्र राज को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया.

Advertisement

लखीमपुर के सीओ विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को कचहरी परिसर में पारिवारिक विवाद के चलते दो पक्षों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई. इसी दौरान जसकरन के पुत्र शिवम राज ज्ञानी उर्फ विराट ने राम अवतार के पुत्र जितेंद्र पर फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया.

दिनदहाड़े हुई फायरिंग से दहशत में लोग

उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस घटना के बाद कचहरी परिसर में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से अधिवक्ताओं और आम लोगों में दहशत का माहौल है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement