इटावा के थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसा सामने आया. तेज रफ्तार काले रंग की सफारी कार ने पैदल जा रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी और उन्हें रौंदते हुए आगे बढ़ गई. इसके बाद कार अनियंत्रित होकर एक खंभे से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.
हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें दो युवक पास की दुकान पर काम कर रहे थे, जबकि एक व्यक्ति सड़क पर टहल रहा था. घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान दतावली निवासी 45 वर्षीय गुलाब सिंह ने रास्ते में दम तोड़ दिया. वहीं वीरू निवासी रामपुर नवली और निखिल निवासी रामनगर की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.
एक की मौत, दो की हालत गंभीर
प्रत्यक्षदर्शी आशीष कुमार के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 6:48 बजे हुआ. उन्होंने बताया कि कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रही होगी. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कार में सवार तीन लोग एयरबैग खुलने के कारण सुरक्षित बच गए, लेकिन हादसे के बाद दो लोग मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
चालक गिरफ्तार, दो आरोपी मौके से फरार
मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी रामगोपाल शर्मा ने बताया कि काले रंग की सफारी गाड़ी को आदित्य कुमार चला रहा था. उसने तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं. दोनों का इलाज सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में चल रहा है. पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.
अमित तिवारी