चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, कार और हथियार दोनों का बलिया कनेक्शन आया सामने

पश्चिम बंगाल में शुवेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल कार उत्तर प्रदेश के बलिया में खरीदी गई थी. सीबीआई और एसटीएफ की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. एक मुख्य आरोपी गयेंद्र प्रताप सिंह अब भी फरार है और उसकी तलाश जारी है.

Advertisement
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में कार का बलिया कनेक्शन आया सामने. (File Photo: ITG) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में कार का बलिया कनेक्शन आया सामने. (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • बलिया ,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:54 PM IST

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल पैदा करने वाले चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई है. जांच एजेंसियों को इस मामले में एक महत्वपूर्ण सुराग मिला है, जिसमें सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल की गई कार यूपी के बलिया जिले में खरीदी गई थी. पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार यह कार एक निसान माइक्रा थी, जिसे बेहद कम कीमत पर अलग-अलग लोगों के जरिए बेचा गया था.

Advertisement

इस मामले में सीबीआई और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स लगातार कई जिलों में छापेमारी कर रही है. जांच एजेंसियां बलिया के रहने वाले गयेंद्र प्रताप सिंह की तलाश में जुटी हैं, जो इस हत्याकांड में प्रमुख आरोपी बताया जा रहा है और घटना के बाद से फरार है. पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और स्थानीय पुलिस को एजेंसी की जांच की पूरी जानकारी नहीं है. हालांकि स्थानीय स्तर पर सहयोग किया जा रहा है.

इसी बीच बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव के रहने वाले जितेंद्र सिंह ने दावा किया है कि एक शख्स ने उनके जरिए से अक्टूबर में निसान माइक्रा कार खरीदी थी. जितेंद्र के अनुसार यह कार 35 हजार रुपये में खरीदी गई थी और बाद में 1 मई को इसे गयेंद्र प्रताप सिंह को 50 हजार रुपये में बेच दिया गया. जितेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि हाल ही में सीबीआई की एक टीम उनके घर पहुंची थी और वाहन से जुड़ी पूछताछ की थी. उन्होंने जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देने और सभी जानकारी साझा करने की बात कही.

Advertisement

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी क्लिप भी सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर सीबीआई की टीम गयेंद्र प्रताप सिंह के घर पर छापेमारी करती दिख रही है. हालांकि उस समय आरोपी वहां मौजूद नहीं था और वह फरार बताया गया. बांसडीह रोड थाने के एसएचओ वंश बहादुर सिंह ने भी पुष्टि की है कि सीबीआई ने हाल ही में आरोपी के घर पर छापेमारी की थी, लेकिन वह नहीं मिला. पुलिस के अनुसार घर में कोई भी परिवार का सदस्य मौजूद नहीं था और सभी रिश्तेदार भी गायब थे.

सीबीआई और एसटीएफ ने जांच तेज की

जांच एजेंसियों के अनुसार गयेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ बलिया जिले में हत्या और हत्या के प्रयास सहित करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी उसके खिलाफ एक मामला दर्ज है. जांच में यह भी सामने आ रहा है कि आरोपी के संबंध राज कुमार सिंह और अन्य लोगों से हो सकते हैं. राज कुमार सिंह को हाल ही में मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया गया था. सोशल मीडिया पर दोनों की साथ में तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनकी जांच की जा रही है.

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने भी इस मामले में कार्रवाई तेज कर दी है. हाल ही में एसटीएफ ने बलिया से एक आरोपी नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था. सीबीआई के इनपुट के आधार पर उसके पास से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया, जिसमें पिस्टल, रिवॉल्वर और कारतूस शामिल थे. पूछताछ में नवीन कुमार सिंह ने कथित तौर पर बताया कि गयेंद्र प्रताप सिंह ने 7 मई को राज कुमार सिंह और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर उसे एक बैग दिया था, जिसमें हथियार थे. इसके बाद एसटीएफ टीम को एक हाईवे के पास स्थित कार शोरूम तक ले जाया गया, जहां से हथियार बरामद किए गए.

Advertisement

पुलिस के अनुसार इस मामले में राज कुमार सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन गयेंद्र प्रताप सिंह और गोलू सिंह अभी भी फरार हैं. उनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है. यह पूरा मामला 6 मई को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में हुए उस हत्याकांड से जुड़ा है, जिसमें चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

गवाह ने कार बिक्री को लेकर किए बड़े खुलासे

घटना के बाद से ही सीबीआई, एसटीएफ और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त जांच चल रही है. अब कार की खरीद-फरोख्त से जुड़े नए खुलासे ने जांच को और तेज कर दिया है. जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर यह कार किस तरह से एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंची और इसका इस्तेमाल हत्याकांड में कैसे किया गया. बता दें, पुलिस ने बलिया से जुड़े एक अवैध हथियार सप्लायर और शूटर की गिरफ्तार किया था. उसके पास से असलहे बरामद किए गए थे. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement