सीमा हैदर और सचिन का कहना है कि इन्हें पबजी गेम खेलते वक्त प्यार हो गया था. दोनों ने फिर साथ रहने और शादी करने का फैसला लिया. इन्होंने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में शादी करने का दावा किया है. सीमा शारजाह के रास्ते पाकिस्तान से काठमांडू आई. इसके बाद उसने भारत में गैर कानूनी तरीके से प्रवेश किया. सीमा अपने साथ चार बच्चे भी लेकर आई है. पहले उसे और सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया था, बाद में जमानत मिल गई. सीमा अभी सचिन के साथ उसके ग्रेटर नोएडा स्थित घर पर रह रही है.
10 मार्च को पहली बार मिले थे
सीमा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो बता रही है कि उसकी और सचिन की शादी कैसे हुई थी. और किस शख्स ने इनकी मदद की. सीमा ने कहा, 'हम 10 मार्च को पहली बार मिले थे. रात के 9 या 10 बज रहे थे. हमने 13 मार्च को शादी कर ली. किसी ने हमें मंदिर के बारे में बताया था. बहुत अच्छा मंदिर है, बहुत बड़ा है. उनकी बहुत यादें भी हमारे पास हैं. जिस होटल में हम रह रहे थे, वहां से करीब 20 मिनट की दूरी पर वो मंदिर था. वहीं हमने शादी की.'
सीमा ने बताया किसने की मदद?
जब सीमा से पूछा जाता है कि नेपाल में शादी करने के लिए किसने आप लोगों की मदद की? शादी किसने कराई आपकी? किसने तैयारियां कीं सारी? इसके जवाब में सीमा बोलती है, 'वहां पंडित मौजूद थे. वहां हमेशा पूरी रात पूजा चलती है. एक ड्राइवर थे. वो बहुत अच्छे थे. मुझे उनका नाम याद नहीं आ रहा. अजीब सा नाम था. वो भी हमारे साथ थे.'
पहले पति गुलाम हैदर ने क्या कहा?
सीमा के भारत आने के बाद उसके पहले पति गुलाम हैदर ने सऊदी अरब से ही वीडियो जारी किया था. उसने कहा कि वो अपने बच्चे वापस चाहता है. गुलाम हैदर ने ये भी बताया कि सीमा ने उसके साथ 2014 में भागकर शादी की थी. दोनों कराची में रहने लगे. वो 2019 में सऊदी अरब चला गया और तब से वहीं है. वो वहीं से पैसा भेजा करता था. दूसरी तरफ सीमा का कहना है कि वो अब गुलाम को अपना पति नहीं मानती. वो सचिन को ही अपना पति मानती है. उसने ये भी कहा कि गुलाम और उसके बीच झगड़े हुआ करते थे. वो उस शादी में खुश नहीं थी.
aajtak.in