एक भारतीय बिजनेसमैन का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने 300 करोड़ रुपये की कंपनी में अपनी बड़ी और आरामदायक नौकरी छोड़कर खुद का स्टार्टअप शुरू किया. उनकी कहानी अब लोगों को खूब प्रेरित कर रही है. अश्विनी कुमार ने बताया कि वह एक बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी में उपाध्यक्ष यानी वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम करते थे. उन्हें अच्छी सैलरी, बड़ी कार, शानदार घर और विदेश यात्राओं जैसी कई सुविधाएं मिलती थीं. ऑफिस में एसी केबिन और आरामदायक जिंदगी होने के बावजूद उनके मन को सुकून नहीं मिल रहा था. उन्हें महसूस होने लगा कि वह सिर्फ किसी और के सपनों और ब्रांड को बड़ा बना रहे हैं, अपना नहीं.
40 साल की उम्र में शुरू की नई जिंदगी
कुमार ने कहा कि एक दिन अचानक उन्होंने फैसला किया कि अब वह अपनी जिंदगी में कुछ अलग करेंगे. उन्होंने अगले ही दिन नौकरी से इस्तीफा दे दिया. लेकिन उनका यह फैसला परिवार के लिए काफी चौंकाने वाला था. उनकी मां इतनी नाराज हो गईं कि उन्होंने तीन दिनों तक उनसे बात नहीं की. वहीं उनकी पत्नी ने भी कहा कि शायद वह पागल हो गए हैं, क्योंकि इतनी बड़ी नौकरी छोड़ना आसान बात नहीं थी. हालांकि कुमार ने हार नहीं मानी. उन्होंने अपने फैसले पर भरोसा रखा और 40 साल की उम्र में फिर से नई शुरुआत की. उन्होंने अपना खुद का ब्रांड और स्टार्टअप खड़ा करने के लिए मेहनत शुरू कर दी. शुरुआत आसान नहीं थी, लेकिन उन्होंने लगातार कोशिश जारी रखी.
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
कुमार का कहना है कि उन्होंने यह वीडियो इसलिए शेयर किया ताकि वह उन लोगों को प्रेरित कर सकें जो नौकरी छोड़कर अपना काम शुरू करना चाहते हैं, लेकिन डर की वजह से कदम नहीं उठा पा रहे. उनका मानना है कि जिंदगी में सिर्फ पैसा ही सब कुछ नहीं होता, मानसिक शांति और अपने सपनों को पूरा करना भी बहुत जरूरी है. सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी कहानी को खूब पसंद किया. कई यूजर्स ने इसे असली प्रेरणा बताया. एक व्यक्ति ने लिखा कि यह मोटिवेशन का सबसे अच्छा उदाहरण है. वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि उन्होंने भी अपनी नौकरी छोड़कर खुद का बिजनेस शुरू किया है. कई लोगों ने कुमार के साहस और आत्मविश्वास की तारीफ की.
अश्वणी कुमार की कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है जो अपनी सुरक्षित नौकरी छोड़कर अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं. उनकी कहानी यह बताती है कि अगर इंसान खुद पर भरोसा रखे और मेहनत करे, तो वह जिंदगी में नई शुरुआत कर सकता है और अपने सपनों को सच बना सकता है.
aajtak.in