सोशल मीडिया पर छोटी से छोटी चीज भी आते ही वायरल हो जाती है, तो सोचिए जब बात विदेश में भारतीय परिवार द्वारा की गई चोरी की हो तो कितनी तेजी से मामला वायरल हुआ होगा. दरअसल, हाल ही में एक भारतीय परिवार का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने न केवल इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है, बल्कि विदेशों में भारतीय पर्यटकों की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. बाली के एक लग्जरी रिजॉर्ट में ठहरे इस परिवार ने चेकआउट के दौरान कुछ ऐसी हरकत की कि होटल स्टाफ को उनके बैग खुलवाने पड़े. जब बैग खुले, तो अंदर का सामान देखकर होटल कर्मचारी भी दंग रह गए. उन्होंने होटल के कमरे से बहुत सारा ऐसा सामान भर लिया था, जिसे घर ले जाना सही नहीं है. ऐसे में उस परिवार पर चोरी का इल्जाम लगा और बात यहां तक पहुंच गई कि पुलिस को बुलाना पड़ा.
अक्सर लोग अनजाने में या कंफ्यूजन में होटल का वो सामान भी उठा लाते हैं जो होटल की प्रॉपर्टी होते हैं. ऐसी शर्मिंदगी से बचने के लिए ये जानना बहुत जरूरी कि आप होटल से क्या-क्या घर ला सकते हैं. लेकिन उससे पहले जानते हैं कि आखिर भारतीय परिवार के बैग से क्या निकला.
बैग से क्या-क्या निकला?
भारतीय परिवार बाली के उबुद स्थित एक रिजॉर्ट में ठहरा था, जिनका वीडियो वायरल हो गया है. चेकआउट के समय होटल स्टाफ को सामान गायब होने का शक हुआ. जब बैग चेक किए गए, तो परिवार के पास से होटल का सामान बरामद हुआ और वे रंगे हाथों पकड़े गए.
उस परिवार के बैग से होटल के कमरे में रखे शोपीस, हेयर ड्रायर, तौलिए, साबुन डिस्पेंसर, डोरमैट और यहां तक की चम्मच भी निकली. जिसके बाद होटल से स्टाफ की उनसे तगड़ी बहस हुई, लेकिन फिर परिवार ने माफी मांगी और पैसे देने की बात कही. जियानार पुलिस के स्पोकपर्सन इप्तू आई गुस्ती नगुराह सुआरदिता के मुताबिक, फैमिली ने होटल का सारा सामान वापिस कर दिया है और कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की गई.
वो सामान जो आप खुशी-खुशी ला सकते हैं घर:
अब बात करते हैं उन सामानों की जो आप अपने घर बिना किसी दिक्कत के घर ला सकते हैं. इन सामानों को अपने बैग में रखकर लाने के लिए आपको कोई कुछ नहीं कहेगा.
टॉयलेट्रीज: होटल के बाथरूम में मिलने वाले छोटे साबुन, शैम्पू, कंडीशनर और शॉवर कैप आपके लिए ही होते हैं. अगर ये बच गए हैं तो आप इन्हें अपने घर ला सकते हैं.
डेंटल और शेविंग किट: इस लिस्ट में दूसरा नाम टूथब्रश, छोटा टूथपेस्ट और डिस्पोजेबल शेविंग किट जैसी चीजों का आता है. ये भी आप होटल से साथ घर ले जा सकते हैं.
स्टेशनरी: कभी-कभार होटल के कमरे में रखे होटल के ब्रांडेड पेन और नोटपैड भी आप खबर ला सकते हैं.
चाय, कॉफी और चीनी: होटल के कमरों में मिलने वाले चाय, कॉफी, चीनी और मिल्क पाउडर के छोटे-छोटे सैशे कॉम्प्लिमेंट्री होते हैं और आप इन्हें अपने घर ला सकते हैं.
डिस्पोजेबल चप्पल: अगर होटल ने कपड़े या रबड़ की यूज एंड थ्रो वाली चप्पलें दी गई हैं, तो उन्हें घर ले जाने पर आप से कोई कुछ नहीं कहेगा.
सिलाई किट: अक्सर होटल के कमरों में छोटी-छोटी सिलाई किट (सुई-धागा) दी जाती हैं. आप इन्हें भी अपने घर ला सकते हैं.
ये चीजें बिल्कुल नहीं ले जा सकते घर:
ये सभी चीजें होटल की प्रॉपर्टी होती हैं, इन्हें ले जाना चोरी माना जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क