पाकिस्तानी हॉकी टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे से जुड़ा विवाद अब गंभीर प्रशासनिक संकट में बदल चुका है., टीम के कप्तान शकील अम्माद बट की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के अध्यक्ष तारिक बुगती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना त्यागपत्र पीएचएफ के पैट्रन-इन-चीफ और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सौंप दिया.
तारिक बुगती ने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है. उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ-साथ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से भी अपील की है कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान हुई अव्यवस्थाओं की विस्तृत जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके.
कप्तान शकील ने क्या आरोप लगाए थे?
ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद कप्तान शकील अम्माद बट ने मीडिया के सामने आकर गंभीर आरोप लगाए. उनके मुताबिक टीम को सिडनी एयरपोर्ट पर 13-14 घंटे तक इंतजार करना पड़ा. इसके बाद कैनबरा में होटल पहुंचने पर पता चला कि होटल प्रबंधन को अग्रिम भुगतान नहीं मिला था, जिससे खिलाड़ियों को अस्थायी इंतजाम होने तक भटकना पड़ा.
सबसे चौंकाने वाला आरोप यह था कि खिलाड़ियों को मैच से पहले खुद किचन साफ करने और बर्तन धोने पड़े. शकील अम्माद बट ने कहा कि जब खिलाड़ी ऐसी परिस्थितियों में हों, तो उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करना मुश्किल है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खिलाड़ियों को मीडिया से बात करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी.
दौरे के दौरान पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम के प्रदर्शन पर भी असर पड़ा. इस विवाद के बीच पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) ने स्पष्ट किया कि उसने टीम के होटल इंतजाम के लिए पीएचएफ को 10 मिलियन पाकिस्तानी रुपये से अधिक की राशि जारी की थी. पीएसबी की ओर से कहा गया है कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रधानमंत्री को सौंपी जाएगी.
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं, अब यह देखना अहम होगा कि जांच के बाद किस स्तर पर जवाबदेही तय की जाती है. एक समय अंतरराष्ट्रीय हॉकी में दबदबा रखने वाली पाकिस्तानी टीम अब संकट के दौर से गुजर रही है. खिलाड़ियों की खुली नाराजगी और अध्यक्ष के इस्तीफे ने स्थिति की गंभीरता को और बढ़ा दिया है,
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के नतीजे क्या सामने आते हैं और क्या पाकिस्तानी हॉकी टीम अपने खोए हुए सम्मान और स्थिरता को दोबारा हासिल कर पाती है या नहीं...
aajtak.in