WTC Points Table: साउथ अफ्रीका की जीत से बढ़ी टीम इंडिया की टेंशन... वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल का बिगड़ा गणित, श्रीलंका के साथ 'खेला'

साउथ अफ्रीका के लिए WTC फाइनल का रास्ता अब आसान हो गया है. साउथ अफ्रीका को अब पाकिस्तान के खिलाफ अपने घर पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. यदि अफ्रीकी टीम इस सीरीज में एक भी मुकाबला जीत जाती है तो वह फाइनल में पहुंच जाएगी.

Advertisement
Indian cricket team Indian cricket team

aajtak.in

  • गकेबरहा (साउथ अफ्रीका),
  • 09 दिसंबर 2024,
  • अपडेटेड 3:56 PM IST

साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेला गया. इस मुकाबले में मेजबान टीम साउथ अफ्रीका ने 109 रनों से जीत हासिल की. मुकाबले में श्रीलंका को जीत के लिए 348 रनों का टारगेट मिला था. लेकिन उसकी पूरी टीम मुकाबले के पांचवें दिन (9 दिसंबर) अपनी दूसरी पारी में 238 रनों पर ढेर हो गई. इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया.

Advertisement

साउथ अफ्रीका अब टॉप पर...

श्रीलंका के खिलाफ इस धमाकेदार जीत के बाद साउथ अफ्रीका को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में बड़ा फायदा हुआ है. अफ्रीकी टीम अब WTC की अंकतालिका में पहले नंबर पर आ गई है. अब साउथ अफ्रीका के 10 मैचों में 6 जीत, तीन हार और एक ड्रॉ से 76 अंक हैं. साउथ अफ्रीका का अंक प्रतिशत 63.33 है, जो ऑस्ट्रेलिया से ज्यादा है.

उधर ऑस्ट्रेलियाई टीम अब दूसरे नंबर फिसल गई है. ऑस्ट्रेलिया के अब तक 14 मैचों में 9 जीत, चार हार और 1 ड्रॉ से 102 अंक हैं. उसका अंक प्रतिशत 60.71 है. तीसरे नंबर पर मौजूदा भारत के 16 मैचों में 9 जीत, 6 हार और एक ड्रॉ से 110 अंक हैं. उसके अंकों का प्रतिशत 57.29 है. भारत को मौजूदा चक्र में 3 मैच और खेलने हैं, जो ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ हैं. 

Advertisement

श्रीलंकाई टीम इस हार के बावजूद चौथे नंबर पर है, लेकिन उसकी फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं लगभग समाप्त हो गई हैं. श्रीलंका के 45.45 प्रतिशत अंक हैं और वह अधिकतम 53.85 प्रतिशत अंकों तक पहुंच सकती है. इंग्लैंड पांचवें और न्यूजीलैंड छठे नंबर पर है. जबकि पाकिस्तान सातवें, बांग्लादेश आठवें और वेस्टइंडीज नौवें स्थान पर है. न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, पाकिस्तान, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज फाइनल की रेस से पूरी तरह आउट हो चुका है.

भारत के लिए अब ये समीकरण

देखा जाए तो साउथ अफ्रीका के लिए फाइनल का रास्ता अब आसान हो गया है. साउथ अफ्रीका को अब पाकिस्तान के खिलाफ अपने घर पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. यदि अफ्रीकी टीम इस सीरीज में एक भी मुकाबला जीत जाती है तो वह WTC फाइनल में पहुंच जाएगी. उधर भारतीय टीम के लिए समीकरण और मुश्किल हो गया है. भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में 4-1 से जीत हासिल करनी होगी.

यानी भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए बाकी के तीनों मैच जीतने होंगे, ताकि वो 63.15 प्रतिशत अंकों तक पहुंच जाए. हालांकि, अगर भारतीय टीम एक भी टेस्ट हार जाती है, तो अंक प्रतिशत घटकर 57.89 हो जाएगा. ऐसी स्थिति में भारतीय टीम को उम्मीद करनी होगी कि पाकिस्तान साउथ अफ्रीका को 2-0 से हरा दे. जबकि श्रीलंका अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया को 2-0 या 1-0 से हराए, नहीं तो दोनों टेस्ट ड्रॉ हो जाए.

Advertisement

बता दें कि वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का यह तीसरा चक्र है, जो 2023 से 2025 तक चलेगा. इस तीसरे चक्र के लिए आईसीसी पॉइंट्स सिस्टम से जुड़े नियमों को पहले ही रिलीज कर चुकी थी. टेस्ट मैच जीतने पर टीम को 12 अंक, मैच ड्रॉ होने पर 4 अंक और मुकाबला टाई होने पर 6 पॉइंट मिलते हैं.

वहीं मैच जीतने पर 100 फीसदी, टाई होने पर 50 फीसदी, ड्रॉ होने पर 33.33 फीसदी और हार पर शून्य फीसदी अंक जोड़े जाते हैं. किसी दो मैच की सीरीज में कुल 24 पॉइंट और पांच मैच की सीरीज में 60 अंक उपलब्ध हैं. जीत प्रतिशत के आधार पर पॉइंट्स टेबल में रैंकिंग का प्राथमिक तौर पर निर्धारण होता है. WTC के मौजूदा चक्र का फाइनल अगले साल 11 से 15 जून तक क्रिकेट के मक्का लॉर्ड्स में खेला जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement