ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (8 मार्च) को है. मैच शाम 7 बजे शुरू होगा. फाइनल से पहले दोनों टीमों से जुड़े आंकड़े मुकाबले को और दिलचस्प बना रहे हैं.
सबसे पहले बात न्यूजीलैंड के ICC फाइनल रिकॉर्ड की. कीवी टीम अब तक ICC टूर्नामेंट के फाइनल में 7 बार पहुंची है. इनमें से उसे 5 मैचों में हार मिली है, जबकि सिर्फ 2 बार जीत हासिल हुई है. दिलचस्प बात यह है कि न्यूजीलैंड की दोनों जीत भारत के खिलाफ ही आई हैं.
पहली जीत साल 2000 में ICC चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में मिली थी. उस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब जीता था. दूसरी बार कीवी टीम ने 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत को हराया था.
दूसरी तरफ भारत का हालिया रिकॉर्ड बेहद मजबूत है. साल 2023 के बाद से ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने कुल 30 मैच खेले हैं. इनमें से 28 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि सिर्फ 2 मुकाबलों में हार मिली है.
लेकिन यहां एक दिलचस्प संयोग भी है. भारत को मिली दोनों हार अहमदाबाद में ही आई हैं. एक हार वनडे वर्ल्ड कप 2023 वाली रही, वहीं दूसरी हार इसी टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आई थी. यही वजह है कि फाइनल का यह मुकाबला आंकड़ों के लिहाज से भी काफी रोचक माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हराया, टीम इंडिया की बल्लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप
World Cup 2023: कुछ नहीं बदला... दादा से हिटमैन तक एक जैसे रहे WC फाइनल में हार के 6 संयोग
अब जब भारत और न्यूजीलैंड फिर एक बार ICC फाइनल में आमने-सामने होंगे, तो क्रिकेट फैन्स की नजर इस बात पर होगी कि क्या भारत अपने शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रख पाएगा या न्यूजीलैंड एक बार फिर फाइनल में भारत के खिलाफ इतिहास दोहराएगा.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच हेड टू हेड
टीम इंडिया रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में T20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब के लिए न्यूजीलैंड का सामना करेगी. भारत ने T20 वर्ल्ड कप मैचों में न्यूजीलैंड को कभी नहीं हराया है, दोनों टीमों के बीच हुए तीनों मैच न्यूजीलैंड ने जीते हैं. वैसे ओवरऑल दोनों ही देशों के बीच कुल 30 टी20 मैच हुए हैं, जहां भारतीय टीम ने 16 मैच जीते हैं, 11 मैच न्यूजीलैंड के नाम रहे हैं. और 3 मैच टाई रहे, इन 3 टाई में दो भारतीय टीम बाद में जीती और एक DLS (डकवर्थ लुईस ) मैथड की वजह से टाई पर छूटा है.
aajtak.in