मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में टेक्सास सुपर किंग्स के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है. 41 वर्षीय साउथ अफ्रीकी दिग्गज ने 25 जून (गुरुवार) को सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के खिलाफ मुकाबले में ऐसा हैरतअंगेज कैच लपका, जिसे देखकर बल्लेबाज से लेकर स्टेडियम में मौजूद दर्शक तक दंग रह गए. फाफ के इस शानदार कैच ने मैच का रुख बदलने में अहम भूमिका निभाई.
ओकलैंड के ओकलैंड कोलिजीयम में खेले गए मुकाबले में टेक्सास सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 24 गेंदों पर 40 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि डोनोवन फरेरा ने 28 गेंदों पर 45 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. फिन एलन जल्दी आउट हो गए और इसके बाद क्रीज पर मौजूद लुआन-ड्रे प्रिटोरियस भी फाफ डु प्लेसिस के करिश्मे का शिकार बन गए.
पारी के पांचवें ओवर की पहली गेंद पर अमशी डी सिल्वा ने ऑफ स्टम्प के बाहर फुल लेंथ गेंद फेंकी. लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने उस बॉल पर ड्राइव खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में मिड ऑफ की तरफ चली गई. मिड ऑफ पर खड़े फाफ डु प्लेसिस ने अपनी दाईं ओर हवा में शानदार छलांग लगाई और एक हाथ से अविश्वसनीय कैच पकड़ लिया.
कैच लेने के बाद फाफ डु प्लेसिस जमीन पर गिरे, लेकिन गेंद पर पकड़ बनाए रखी और फिर मुस्कुराते हुए जश्न मनाया. यह कैच इतना शानदार था कि बल्लेबाज प्रिटोरियस को भी यकीन नहीं हुआ. कुछ पल के लिए वह डीआरएस लेने के बारे में सोचते नजर आए, लेकिन आखिरकार उन्हें निराश होकर पवेलियन लौटना पड़ा.
लुआन-ड्रे प्रिटोरियस के विकेट के बाद यूनिकॉर्न्स की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई. टीम ने शुरुआती 10 ओवरों के भीतर छह विकेट गंवा दिए और आखिरकार उसे मुकाबले में 22 रनों से हार झेलनी पड़ी.
फाफ डु प्लेसिस का यह कैच टेक्सास सुपर किंग्स के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. 41 साल की उम्र में फाफ डु प्लेसिस की फिटनेस और फुर्ती ने क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया. सोशल मीडिया पर इस कैच का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसे MLC 2026 के सबसे बेहतरीन कैचों में से एक माना जा रहा है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क